शहर की खराब कानून व्यवस्था को लेकर थाना कोतवाली का घेराव

अंबिकापुर। शहर की खराब कानून व्यवस्था को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के द्वारा जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में थाना कोतवाली का घेराव कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ठीक दशहरे के दिन जब पुलिस पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद होने का दावा कर रही थी, उसी दिन एक युवती की दिन-दहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इसी दिन महामाया मंदिर में गैंगवार में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। इसी दिन महिलाओं के चैन स्नेचिंग की कई घटनाएं हुई। दशहरा के दिन चोरी की भी कई घटनाएं हुई। दुर्गा विसर्जन के दौरान शुक्रवार को आसामाजिक तत्वों ने कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला किया। इस मामले में पुलिस ने हमलावरों पर कार्रवाई के बजाए उल्टे आहत कांग्रेस नेता के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया। शहर में असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसले के विरुद्ध कांग्रेस ने थाना कोतवाली में प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान मौजूद पुलिस महकमे के जवाबदेह अधिकारियों से चर्चा करते हुए महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने पूछा कि पुलिस घटनाओं के घटित होने के बाद सक्रिय होती है। वह समय कब आएगा जब पुलिस की सक्रियता से अपराध ही घटित न हो। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं के कारण पूरे शहर की महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पुलिस विभाग के अधिकारियों से चर्चा दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि कानून व्यवस्था को सम्हालने में पुलिस हर पल नाकाम साबित हो रही है। शहर के लोगों का भरोसा कानून व्यवस्था पर समाप्त हो चुका है। पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि वो शहर के नागरिकों में विश्वास बहाली के लिए काम करें। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध की अगली किसी भी असहनीय घटना के बाद कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Categorized in: