पुलिस ने आरोपी भाई को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार करके जेल भेजा

अंबिकापुर। उदयपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का अपने छोटे भाई से घर में लेट-लतीफ पहुंचने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर में रखे तलवार से हमला कर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी भाई के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार जप्त कर लिया है।

सलका बाजारपारा की पार्वती बिंझिया 24 जून को उदयपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जून को उसके पति चमरू बिंझिया ने अपने छोटे भाई बलराम बिंझिया को घर में लेट-लतीफ आने की बात कहकर डांटते हुए झापड़ मारा था। इससे नाराज होकर बलराम बिंझिया अपने बड़े भाई से लड़ाई-झगड़ा करने लगा और घर में रखे तलवार से प्रहार कर दिया, जिसमें उसे गंभीर चोट आई थी। घायल अवस्था में स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, यहां उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 302 भादवि, 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजन का बयान दर्ज किया और आरोपी बलराम बिंझिया 28 वर्ष को घेराबंदी करके पकड़ी। पूछताछ में उसने भाई के द्वारा डांट-फटकार और झापड़ मारने से क्षुब्ध होकर घर में रखे तलवार से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक कुमारी चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक राजनाथ तिर्की, महिला आरक्षक सुनीति राजवाड़े, आरक्षक विवेक सिंह, देवेंदर सिंह, विजय पैकरा शामिल रहे।

Categorized in: