अंबिकापुर। गांजा, सिगरेट पी रहे युवकों को साइड होने के लिए कहना नागवार लगा और उन्होंने कार सवार चिकित्सक से गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करना शुरू कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। चिकित्सक ने तीन आरोपितों के विरूद्ध नामजद रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराया है। घटनाक्रम सीसीटीवी में भी कैद हुआ है।

जानकारी के मुताबिक सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदस्थ डॉ. उदय कुमार गुप्ता, गंगापुर में स्थित डीडी होम में किराए के मकान में रहते हैं। बीते 16 जून को रात करीब 9.30 बजे वे पुस्तकालय से वापस अपने रूम आ रहे थे। नीचे पार्किंग में गाड़ी पार्क करते समय 3-4 लोग गांजा और सिगरेट पी रहे थे। जब उन्होंने इन्हें साइड में होने के लिए कहा तो वे गालीगलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर उत्तेजित होकर कार से बाहर निकलने के लिए कहा और अन्य लोगों को बुलाकर जान से मारने की धमकी देते हुए राजा सिंह, ऋषि सिंह राणा, सतेन्द कुमार गुप्ता सहित अन्य मारपीट करने लगे। मारपीट में उन्हें पीठ, पैर और घुटने चोट आई थी। घटना के समय वहां अन्य चिकित्सक व आसपास के लोग मौजूद रहे। चिकित्सक ने 17 जून को डॉक्टरी मुलाहिजा कराया था, लेकिन परीक्षा नजदीक होने के कारण वे घटना की प्राथमिकी थाना में दर्ज नहीं कराए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

 

पहले रास्ता रोककर की मारपीट, बाद में घर में घुसकर मचाया बवाल, अपराध दर्ज

 गाड़ी ठीक से नहीं चलाने की बात कहते हुए रास्ता रोककर व घर में घुसकर गालीगलौज व  मारपीट करने का मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

मुक्तिपारा निवासी रितिक रोशन जायसवाल पिता श्रीराम जायसवाल 24 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि वह वर्तमान में मठपारा में रहता है। 23 जून को 9.30 बजे स्कूटी से अपने साथी मनीष के साथ घर जा रहा था। इस दौरान शिवा, आदित्य, प्रकाश सहित अन्य गाड़ी ठीक से नहीं चलाने की बात कहते हुए रास्ता रोककर उनके साथ गालीगलौज करते हुए पटिया, पाइप से मारपीट करने लगे। मारपीट करने से मना करने पर वे जान मारने की धमकी देने लगे। साथी मनीष ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट करने लगे, जिसमें दोनों को चोटें आई हैं। मारपीट से बचने के लिए जब वे भागते हुए अपने घर के अंदर कमरे में चले गए तो पीछे से आरोपी युवक भी घर में घुसकर मारपीट करने लगे। एक अन्य साथी आलोक बीच-बचाव करने लगा तो उसके साथ भी आरोपियों ने जमकर मारपीट की। युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। भीड़ बढ़ते देख आरोपी जान से मार देने की धमकी देकर चले गए। 

Categorized in: