सचिव के नजर में स्टेंडर्ड का चल रहा काम, कह रहे-निर्माण कार्य इसी स्तर का होगा

भटगांव। जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में मनमाना कार्य कराने से इनके उपयोगिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं सरकारी खजाने की बर्बादी हो रही है। पंचायत प्रतिनिधि कमाई के चक्कर में कायदे-कानून ताक पर रखकर लापरवाही बरत रहे हैं। इन्हें न जांच की चिंता है और न अधिकारियों का डर।
ग्राम पंचायतों में सरंपच, सचिव, रोजगार सहायक, इंजीनियर, पीओ और एसडीओ की चौकड़ी का बेलगाम राज चल रहा है। पहले भी ऐसे तमाम काम कराए गए, जिनमें कमाई का रास्ता नजर आया। यहां तक कि कई अनुपयोगी काम करा दिए गए। ऐसे तमाम निर्माण कार्य कराने के बाद सबने अपना-अपना हिस्सा तो ले लिया पर अनुपयोगी निर्माण बर्बादी के कगार पर हैं या तो बर्बाद हो चुके हैं। कुछ मामलों में अधिकारी दिखावे के लिए कार्रवाई करते हैं। ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत अघिना का है, जहां ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव व जिम्मेदार अधिकारियों ने सरकार के खजाने का दुरूपयोग घटिया नाली निर्माण कार्य करके किया है। निर्माण के एक हफ्ते के भीतर ही घटिया नाली निर्माण की पोल खुल गई। नालियों में दरारें साफ नजर आ रही हैं। निर्माण के दौरान वाइब्रेटर का इस्तेमाल भी नहीं हुआ, जिससे छड़ बाहर दिखाई दे रहा है। वहीं क्युरिंग के लिए अब तक पानी भी नहीं डाला गया है। अधिकारियों के देखरेख के अभाव या क्षत्रछाया में गुणवत्ताहीन नाली का निर्माण जोर-शोर से कराया जा रहा है। ग्रामीण दबे आवाज में विरोध व गुणवत्ताहीन कार्य को लेकर नाराजगी जाहिर करने में लगे हैं।


इन प्रक्रियाओं से कोई वास्ता नहीं
किसी भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता का आंकलन, मूल्यांकन उपयंत्री या तकनीकी अधिकारी द्वारा किया जाता है। नाली निर्माण के लिए प्रमुख अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा तकनीकी मापदंड और दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। निर्माण कार्य कराने में इन दिशा-निर्देशों का पालन करना ज़रूरी होता है। प्रत्येक परियोजना के लिए निर्माण का खाका तैयार किया जाता है। पीआईयू द्वारा नियमित रूप से कार्य की प्रगति का आंकलन किया जाता है। बारिश या बाढ़ के पानी की निकासी में दिक्कत न हो, इसके लिए जल निकासी प्रणालियां स्थापित की जाती हैं। इतने मापदंडों से गुजरने के बाद भी जनहित के लिए किए जाने वाले निर्माण कार्यों को भ्रष्टाचार का जरिया बना देना समझ से परे है।

पंचायत सचिव की नजर में काम सही
ग्राम पंचायत के सचिव हीरा चंद पैकरा कमियों को नजरअंदाज कर निर्माण कार्य सही स्तर का होने की बात कर रहे हैं। निर्माण कार्य में कमियों की ओर ध्यान दिलाने पर इनका कहना है कि हम आप लोगों से बात ही नहीं करना चाहते। आप लोगों को जो करना है कर लीजिए, हमारा कुछ नहीं कर सकते। हम ऐसा ही निर्माण कार्य कराएंगे।

स्तरहीन नाली निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त हुई है, इसकी प्रारंभिक जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए उपयंत्री को निर्देशित किया गया है। पूर्व में उपयंत्री मानवेंद्र सिंह को संबंधित स्थान पर भेजा गया था, समझाइश देते हुए लास्ट पेमेंट को ब्लॉक कर दिया गया है। मैं खुद नाली निर्माण की वास्तविक स्थिति से अवगत होकर उचित कार्रवाई करूंगा।
विनय कुमार गुप्ता, सीईओ जपं भैयाथान

Categorized in: