अंबिकापुर। जिले के बतौली थाना क्षेत्र में तीन घटनाओं में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। ग्राम उमापुर में दंपति खेत में काम कर रहे थे, मौसम खराब था। इसी बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दंपति बेहोश हो गए। कुछ देर बाद पत्नी को होश आया तो वह मदद के लिए आवाज लगाई। लोगों की मदद से उसके पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना ग्राम टीरंग का है। भैंस चराकर घर लौट रहा ग्रामीण आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अशोक तिग्गा पिता करलू तिग्गा उम्र 38 वर्ष बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम उमापुर का रहने वाला था। वह सोमवार को पत्नी ललिता के साथ खेत में काम कर रहा था। मौसम भी खराब था। बारिश के साथ तेज हवा चल रहा था। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी चपेट में आ गए, और बेहोश हो गए। कुछ देर बाद जब पत्नी को होश आया तो वह शोर मचाई। इसकी जानकारी मिलने पर आस पास के लोग व घर वाले मौके पर पहुंचे और दोनों को उठाकर घर लाए। अचेत अवस्था में अशोक तिग्गा को इलाज के लिए बतौली अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां जांच के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घटना में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम टीरंग निवासी 57 वर्षीय सुखउ राम की मौत हो गई। मृतक भैंस चराने गया था। शाम करीब 7 बजे भैंस चराकर मवेशियों के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झूलस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Categorized in: