रिश्ते में चाचा-भतीजा को पड़ोसी से पता चला उनके यहां का दरवाजा खुला है

अंबिकापुर। छठ त्योहार मनाने डाल्टेनगंज गए परिवार के घर में चोरों ने धावा बोलकर नकदी सहित करीब 8 लाख रुपये का जेवरात चोरी कर लिया। घटना की रिपोर्ट पूजन कार्यक्रम से वापस लौटने के बाद घर स्वामी ने मणीपुर थाना में दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक मठपारा निवासी राजेश साहु पिता स्व. शिवनाथ साहु 50 वर्ष और उनका भतीजा अजीत गुप्ता व सुमित गुप्ता पूरे परिवार के साथ 25 अक्टूबर को अपने-अपने घर में ताला लगाकर डाल्टेनगंज स्थित पैतृक निवास में छठ पर्व मनाने गए थे। 29 अक्टूबर को पड़ोसी बुध सिंह की पत्नी के पास राजेश साहु की पत्नी रेणु देवी शाम लगभग 7 बजे फोन करके घर के बारे में पूछी तो सब कुछ ठीक था। अगले दिन 30 अक्टूबर को सुबह 6 बजे घर का दरवाजा खुला देखकर पड़ोसी की पत्नी फोन लगाकर पूछी कि आप लोग आ गए हैं क्या, जब उन्होंने डाल्टेनगंज में होने की जानकारी दी तो वह बताई कि घर का दरवाजा खुला है और ताला टूटा हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर उन्होंने पड़ोसी को घर का ध्यान रखने के लिए कहा और वे सपरिवार डाल्टेनगंज से 30 अक्टूबर को लगभग 11.30 बजे अंबिकापुर स्थित घर में पहुंचे, तो पता चला कि चोरों ने चाचा-भतीजा के घर के दरवाजे का ताला तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अंदर जाने पर दोनों के रूम में रखा अलमारी का दरवाजा, लॉकर टूटा मिला। गहने का खाली डब्बा पड़ा हुआ था। चोरों ने अलमारी व घर के सामानों को बिखेर दिया था। इसकी सूचना उन्होंने सामानों को छेड़छाड़ किए बगैर तत्काल पुलिस थाना मणीपुर में दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल के अधिकारी ने फिंगर प्रिंट मिलने की संभावना पर घर को सील कर दिया। अगले दिन एफएसएल की टीम ने पूरे घर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि चोरों ने राजेश साहू के घर के अलमारी से गाडिय़ों का किस्त पटाने के लिए अलमारी में रखा 80 हजार रुपये नकद व सोने के जेवरों में 1 अंगूठी, 1 झुमका, 1 चेन, 1 जोड़ी चांदी का पायल और उनके भतीजा अजीत गुप्ता के अलमारी में रखा नकद 1 लाख 27 हजार रुपये नकद व सोने के जेवरों में 1 हार, 1 जोड़ी कंगन, 1 मांग टीका, 1 मंगलसूत्र, 1 जोड़ी लटकन, 1 अंगूठी, 1 ढोलना चौकी, 5 नग नाक का छुछी, चांदी के जेवरों में 1 कमरधनी, 1 मछली, 2 जोड़ी पायल, 1 कटोरी-चम्मच, 3 नग बच्चों का चांदी का बेड़ा, 2 जोड़ी बिछिया पार कर दिया है। रिपोर्ट पर पुलिस अपराध दर्ज करके चोरों का सुराग लगा रही है।

Categorized in: