बलरामपुर। जिला मुख्यालय में अपराधियों के हौसले इतना बुलंद है कि वे पुलिस अधीक्षक के आवास से महज कुछ दूरी पर स्थित ज्वेलरी दुकान को ही निशाना बना डाले। घटना गुरूवार-शुक्रवार के दरम्यानी रात की है।

जानकारी के मुताबिक चोरों ने मुख्यालय के व्यस्त चांदो चौक में स्थित धनंजय ज्वेलर्स में धावा बोलकर करीब 4-5 सौ ग्राम सोना और करीब 13-14 किलो चांदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह आसपास के लोगों ने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। तत्काल इसकी सूचना दुकान संचालक अजय सोनी को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने बलरामपुर सिटी कोतवाली को घटना से अवगत कराया। मौके पर पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वाड की टीम भी पहुंची और जांच शुरू की। दुकान मुख्यालय के अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है, यहां से महज 500 मीटर की दूरी पर पुलिस अधीक्षक का बंगला है, इसके बावजूद चोरों ने निडर होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जो सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है, और रात्रि पेट्रोलिंग पर भी पुलिस पर सवाल उठ रहा है।
कॉलोनी में चोरी की वारदात का भी पर्दाफास नहीं
बता दें कि जून माह में भी एसडीएम कार्यालय के सामने जे.डी. कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी, जिसमें कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ स्टेनो, रीडर सहित छह सरकारी कर्मचारियों के घरों का ताला टूटा था। इस प्रकरण के आरोपी आज तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इधर ज्वेलरी दुकान में हुई बड़ी घटना से लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं।

विश्व दीपक त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध कायम कर लिया गया है। ज्वेलरी दुकान संचालक को चोरी गए जेवरों से संबंधित कागज पेश करने के लिए कहा गया है। आगे की जांच जारी है।

Categorized in: