गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। मणिपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मठपारा निवासी कृषि विस्तार अधिकारी के सूने मकान में धावा बोलकर चोरों ने नगदी, मोबाइल सहित लाखों के जेवरात, पेन ड्राइव व विवादित जमीन के कागजात की चोरी कर ली। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। घटना दिवस मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे अधिकारी अपनी मां का जांच कराने शहर के एक निजी अस्पताल में गए थे, रात करीब 11 बजे लौटे तो मकान का ताला टूटा था। अंदर आने पर कमरे का पूरा सामान बिखरा मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक मठपारा निवासी सोहन भगत जशपुर जिले में कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। मंगलवार की शाम मकान में ताला बंद करके वे पत्नी के साथ मां का इलाज कराने अस्पताल गए थे। बारिश होने के कारण अस्पताल से लौटने में देर हो गई। जब वे रात करीब 11 बजे घर पहुंचे तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है। भीतर गए तो तीन कमरों में रखे सामान को चोरों ने बिखेर दिया था। आलमारी में रखे सोने के कंगन, अंगूठी, पायल, 30 हजार रुपये नगद व दूसरे कमरे में रखे जमीन के कागजात व दो पेन ड्राइव नहीं थे। उन्होंने इसकी जानकारी डॉयल 112 को दी। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। चोरों ने लगभग नगदी सहित लगभग दो लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ किया है। घटना के अगलेे दिन मणिपुर चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी टीम के साथ मौके पर पहुंच जांच में जुटी। पूछताछ में अधिकारी ने पुलिस को बताया कि जिस जमीन का दस्तावेज चोर ले गए हैं, उसका विवाद चल रहा है। जमीन व अन्य प्रमुख दस्तावेजों से संबंधित दो पेन ड्राइव भी चोरों ने पार कर दिया है। ऐसे में किसी जानकार के द्वारा वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया जा रहा है।  

बाइक सवार कुछ संदिग्धों नजर आए थे

कृषि विस्तार अधिकारी के परिवार के सदस्यों का कहना है कि मंगलवार को बारिश हो रही थी इसलिए घर पहुंचने में विलंब की स्थिति बनी। रात करीब 11 बजे घर के करीब मोड़ के पास तीन-चार बाइक में कुछ संदिग्ध दिखे थे। घर पहुंचने पर ताला टूटा हुआ था। सूचना पर डॉयल 112 में पुलिस पहुंची और मौके की स्थिति देखकर चली गई थी। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर हर बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: