युवक कांग्रेस के सरगुजा जिला अध्यक्ष सहित अन्य के विरूद्ध अपराध दर्ज

अंबिकापुर। शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण मामले को लेकर सरगुजा में राजनीति गरमा गई है। युवक कांग्रेस के सरगुजा जिला अध्यक्ष विकल झा के खिलाफ कोतवाली थाना में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट निगम के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार पैंकरा के द्वारा दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में उल्लेख है कि 8 अप्रैल की आधी रात को प्रतिमा का अनावरण किया गया, जबकि 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री को इसका अनावरण करना था। निगम द्वारा प्रतिमा अनावरण की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी बीच युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष द्वारा प्रतिमा का अनावरण करके भड़काऊ बातें कही गई हैं।

बता दें कि 9 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा अंबिकापुर के आकाशवाणी चौक में शहीद चंद्रशेखर आजाद और दिवंगत भाजपा नेता व पूर्व विधायक पंडित रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण किया जाना तय था। नगर निगम की ओर से द्वय प्रतिमाओं के अनावरण के लिए तैयारियां की जा रही थीं। इससे पहले 8 अप्रैल की रात करीब 12-1 बजे युवक कांग्रेस सरगुजा के जिलाध्यक्ष विकल झा द्वारा कथित रूप से अपने साथियों के साथ शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को बेपर्दा करके अनावरण कर दिया गया। नगर पालिक निगम में पदस्थ सहायक अभियंता प्रदीप कुमार पैकरा ने कोतवाली थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 8 अप्रैल को सुबह 6 बजे उन्होंने अपने मोबाइल फोन में देखा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा जिस शहीद चन्द्रशेखर आजाद के प्रतिमा का लोकार्पण किया जाना था, और लोकार्पण से पहले ही तैयारियां को अंतिम रूप नगर निगम के द्वारा दिया जा रहा था, उसका लोकार्पण विकल झा व उसके अन्य साथियों ने रात्रि करीब 12-1 बजे कर दिया है, जिससे अंतिम चरण की शासकीय कार्य की तैयारियों में पूर्णत: बाधा की स्थिति बन गई। नगर निगम के कर्मचारियों को पुन: साज-सज्जा कराना पड़ा। विकल झा व उनके साथियों के द्वारा ऐसा कृत्य करने से शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा। शहीद चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति को फिर से फूलमाला से विधिवत कवर कराना पड़ा। यह भी उल्लेख है कि विकल झा के द्वारा शहीद चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति के लोकार्पण का वीडियो सोशल मीडिया में साम्प्रदायिक सौहार्द्र, भड़काऊ भाषण व अफवाह के साथ यह कहते हुए प्रसारित किया गया कि, ये लोग गोडसे के विचारधारा व समर्थक हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध बीएनएस की धारा 221, 3(5), 324(3), 353(2) का मामला दर्ज किया है।

युवा वर्ग उद्वेलित हो जाता है कई बार

पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष द्वारा उठाए गए कदम के परिप्रेक्ष्य में कहा कि अनावरण वाली बात तो नहीं थी, मेरे ख्याल से परदे से कुछ छेड़छाड़ किए होंगे। युवा हैं उद्वेलित हो जाते हैं। सामने देखिए, जो पोस्टर लगा हुआ है, भाजपा का फूल है, और इसका नगर निगम ने पेमेंट किया है, ऐसी मेरे को जानकारी लगी है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। ऐसी बातें होती है, तो युवा वर्ग उद्वेलित हो जाता है कई बार। जिस उद्देश्य से वे आए थे, ऐसा लगता है कि थोड़ा आगे बढ़ गए।

रात्रि गश्त दल में शामिल पुलिस कर्मियों का करें निलंबन

भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का युवक कांग्रेसियों द्वारा अनावरण करने पर पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उन्होंने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक से की है। शिकायत में उन्होंने उल्लेख किया है कि 8 अप्रैल की रात आकाशवाणी चौक पर युवक कांग्रेस के कुछ लड़कों ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का गुपचुप तरीके से लोकार्पण कर दिया, जबकि सीएम के आने से 24 घंटे से भी कम समय बचे थे। ये आधे घंटे तक प्रतिमा स्थल पर उद्दंडता करते रहे। उन्होंने पुलिस की पेट्रोलिंग टीम की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न उठाते हुए रात में गश्ती दल में मौजूद पुलिस कर्मियों को घेरे में लिया है, और इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की है।

एक बार नहीं, हजार बार जेल जाने के लिए तैयार हूं

इन सबके बीच आरोपित युवक कांग्रेस सरगुजा के जिला अध्यक्ष विकल झा ने एक बयान जारी करके कहा है कि आठ अप्रैल की रात को हम लोगों ने जो प्रतिमा का माल्यार्पण करके अनावरण किया था, इसके विरोध में शासन-प्रशासन के द्वारा मेरे ऊपर एफआईआर दर्ज किया गया है। मैं शासन-प्रशासन को साफ तौर पर बता देना चाहता हूं कि, मैं किसी के एफआईआर से डरने वाला नहीं हूं, और अगर वीर सपूत शहीद चंद्रशेखर आजाद का माल्यार्पण करना अपराध की श्रेणी में आता है तो हां मैं अपराधी हूं, और मैं जेल जाने के लिए भी तैयार हूं। एक बार नहीं, हजार बार जेल जाने के लिए तैयार हूं। भाजपा का प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम में जो दोहरा चरित्र सामने आया है, वो सारे लोगों के सामने आ चुका है। मुझे कुछ बताने की जरूरत नहीं है। इन्होंने जैसे भाजपा नेता के प्रतिमा अनावरण का तैयारी किया था, और दूसरी ओर हमारे वीर सपूत, शहीद चंद्रशेखर आजाद के लिए कितनी साज-सज्जा की थी, ये सबके सामने है।

Categorized in: