अंबिकापुर। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाने वाले को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित ने प्रार्थिया की फोटो पर अपमानजनक कमेंट लिखकर वायरल कर दिया था। साइबर सेल अंबिकापुर ने मेटा कंपनी से आरोपी के अकाउंट का डिटेल मंगाया है।

जानकारी के मुताबिक, बीते 26 अप्रैल को प्रार्थिया ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, किसी ने उसके फोटो का उपयोग करके सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया है और अभद्र कमेंट के साथ लगातार पोस्ट कर रहा है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में इंस्टाग्राम अकाउंट धारक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 231/2026 धारा 296 बीएनएस, 12 पास्को एक्ट पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना दौरान आरोपी द्वारा उपयोग किए जा रहे सोशल मीडिया इंस्टाग्राम अकाउंट के उपयोगकर्ता एवं विस्तृत तकनीकी जानकारी साइबर सेल अंबिकापुर से प्राप्त किया गया। साइबर एवं मेटा कंपनी से प्राप्त डिटेल के अनुसार आरोपी द्वारा उपयोग किए जा रहे सोशल मीडिया अकाउंट में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर एवं ईमेल इत्यादि शिवम सिन्हा पिता नंदकेश्वर सिन्हा निवासी दरिमा रोड कांतिप्रकाशपुर, सरगुजा के नाम पर होना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के मोबाइल में घटना से जुड़े फोटो एवं सोशल मीडिया अकाउंट एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने मोबाइल जप्त करके आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह, साइबर सेल से आरक्षक अमन पुरी एवं रमेश रजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

Categorized in: