गांधीनगर पुलिस ने 3 ठग दबोचे, सरकारी संस्था के नाम पर ठगी की साजिश नाकाम

अंबिकापुर। खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बताकर वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गांधीनगर थाना पुलिस ने जिला आबकारी अधिकारी से फोन पर धमकी देकर 6 बोतल शराब और नगद राशि मांगने के आरोप में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए सभी को दबोच लिया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुबह करीब 10 बजे जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़*ल के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। सामने वाले व्यक्ति ने रौबदार आवाज में खुद को एसीबी का अधिकारी बताया और कहा कि ऊपर से टीम निरीक्षण के लिए आ रही है। रेस्ट हाउस में उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था करनी है। इसके लिए तुरंत 6 बोतल विदेशी शराब और नगद राशि भिजवाएं। आरोपी ने आबकारी अधिकारी को धमकाते हुए कहा कि अगर अभी व्यवस्था नहीं हुई तो कार्रवाई तय है।

अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ को कॉल के लहजे और बातों पर संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत किसी को शराब या पैसे नहीं दिए और मामले की सूचना थाना गांधीनगर पुलिस को लिखित में दी।

शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी ने तत्काल टीम गठित की। एससआई अभिषेक दुबे के साथ आरक्षक विकास सिंह, अमृत सिंह और घनश्याम देवांगन ने कॉल डिटेल और तकनीकी लोकेशन खंगालना शुरू किया।नमुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबसे पहले सौरभ प्रजापति, 24 वर्ष, निवासी ठाकुरपुर अरगोती, चौकी कुन्नी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में सौरभ टूट गया और उसने पूरी साजिश उगल दी।

पूछताछ में खुला पूरा राज

सौरभ ने बताया कि उसने अपने दो साथियों राजेश गोस्वामी, 43 वर्ष पिता स्व. बद्रीपुरी गोस्वामी, निवासी नरियरा थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा और रंजीत गुप्ता, 40 वर्ष पिता केदार प्रसाद गुप्ता, निवासी बड़नीझरिया थाना गांधीनगर के साथ मिलकर यह प्लान बनाया था। तीनों सुभाष नगर स्थित शराब भट्ठी पहुंचे थे। वहां पुराने लेन-देन को लेकर विवाद था और भुगतान करने में आनाकानी कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने सोचा कि क्यों न सरकारी अफसर बनकर धौंस जमाकर शराब और पैसे ऐंठे जाएं। बस फिर क्या था, उन्होंने मोबाइल से आबकारी अधिकारी को कॉल कर खुद को एसीबी का अधिकारी बता दिया। इसके बाद पुलिस ने सौरभ की निशानदेही पर राजेश गोस्वामी और रंजीत गुप्ता को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ अधिकारी को डराने का प्रयास, अपराध दर्ज

गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी ने कहा कि आरोपियों ने शासकीय संस्था एसीबी के नाम का दुरुपयोग कर एक वरिष्ठ अधिकारी को डराने का प्रयास किया। यह गंभीर अपराध है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और विवेचना जारी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है, कोई भी व्यक्ति यदि इस तरह फोन कर सरकारी अधिकारी बनकर पैसे या सामान की मांग करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। बिना जांच के किसी को भी कोई भुगतान न करें।

गिरफ्तार आरोपी

सौरभ प्रजापति, 24 वर्ष, निवासी ठाकुरपुर अरगोती, चौकी कुन्नी, राजेश गोस्वामी 43 वर्ष, पिता स्व. बद्रीपुरी गोस्वामी, निवासी नरियरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा, रंजीत गुप्ता, 40 वर्ष, पिता केदार प्रसाद गुप्ता, निवासी बड़नीझरिया, थाना गांधीनगर

कार्रवाई में ये रहे सक्रिय

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, एएसआई अभिषेक दुबे, आरक्षक विकास सिंह, अमृत सिंह, घनश्याम देवांगन।

Categorized in: