“ट्रिपल इंजन के तीनों इंजन फेल”,दी आंदोलन की चेतावनी

अम्बिकापुर। शहर में सड़क, बिजली और सफाई की विकराल समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में विपक्षी पार्षदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम व संबंधित विभागों के गैरजिम्मेदाराना रवैये पर नाराजगी जताई।

अघोषित कटौती से परेशान शहर
गर्मी शुरू होते ही पूरा शहर बिजली की अघोषित कटौती से परेशान है। घंटों मेंटेनेंस के बाद भी हालात नहीं सुधरे। विद्युत विभाग स्मार्ट मीटर के बाद मनमाने बिल भेज रहा है। टेंडर के बावजूद शहर की सड़कों का नवीनीकरण नहीं हो रहा। शहर के बीच से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग बेहद जर्जर हालत में है।

नालियां जाम, मानसून में नारकीय जीवन की आशंका
नालियों और बड़े नालों की सफाई न होने से वे जाम हैं। मानसून में महज एक माह बचा है। विभागों की अकर्मण्यता से शहर फिर नारकीय जीवन जीने को मजबूर होगा।

“ट्रिपल इंजन फेल”: शफी अहमद
कलेक्टर से चर्चा के बाद मीडिया से बातचीत में शफी अहमद ने कहा कि कथित ट्रिपल इंजन के तीनों इंजन फेल हो चुके हैं। अम्बिकापुर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग वर्षों से जर्जर है, यह केंद्र की मोदी सरकार की विफलता है। बिजली कटौती, घटिया उपकरणों की खरीद में भ्रष्टाचार और भारी बिल राज्य सरकार की नाकामी है। भाजपा शासित निगम ने महीनों से सफाई ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया, जिससे शहर में कूड़े के ढेर लग गए हैं। स्वच्छता में कीर्तिमान बनाने वाला शहर बदबूदार कूड़े में बदल रहा है। अंदरूनी सड़कें टेंडर के बाद भी नहीं बन रही हैं। यह ट्रिपल इंजन सरकार के सबसे निचले इंजन की विफलता है।

कलेक्टर का आश्वासन, नहीं तो आंदोलन
सरगुजा कलेक्टर ने शीघ्र सभी विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर समन्वय से समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है। शफी अहमद ने कहा कि सकारात्मक पहल न होने पर कांग्रेस नागरिकों के हित में बड़ा आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय विश्वकर्मा, पापिन्दर सिंह, मो हसन, कलीम अंसारी, मेराज रंगरेज, विनोद एक्का, लुईस एक्का, शुभम जायसवाल, जेनेबिब एक्का, बालकेश्वर तिर्की, आशीष वर्मा, आलोक सिंह, जीवन यादव, सतीश बारी, अमित तिवारी राजा, अमित सिंह, शिवांशु गुप्ता, तरणराज बाबरा आदि मौजूद रहे।

 

 

Categorized in: