कार चालक की गिरफ्तारी, मुआवजा सहित अन्य मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन

अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर रोड, नेशनल हाईवे 130 में सांडबार बेरियर के पास रविवार की शाम तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे स्थित दुकान में हवा भर रहे युवक और कार में हवा भरवा रहे युवक को चपेट में ले लिया और काफी दूर तक घसीटते ले गया। दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्वजन ने सोमवार को सड़क पर शव को रखकर करीब 2 घंटे चक्काजाम कर दिया। मुआवजा और आरोपियों के गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर का अनिल कुमार गढ़ेवाल पिता अमर साय गढ़ेवाल 25 वर्ष, रविवार 17 मई की शाम को घर जाते वक्त वह ग्राम सांडबार में बेरियर के पास अपनी गाड़ी में हवा भरवा रहा था। इसी दौरान लखनपुर से अंबिकापुर की ओर आ रही सफेद रंग की अज्ञात कार के चालक ने तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए वाहन में हवा भर रहे युवक मोहम्मद कमराम पिता मोहम्मद नसीम 20 वर्ष, निवासी सांडबार बेरियर और अपनी वाहन में हवा भरवा रहे अनिल कुमार गढ़ेवाल को ठोकर मार दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद कार सहित सवार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल अनिल कुमार गढ़ेवाल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद कमरान को स्वयं के वाहन से स्वजन जीवन ज्योति अस्पताल ले गए थे, यहां से रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।

एनएच 130 में लगी वाहनों की कतार

सांडबार बेरियर के पास हुए हादसे से बौखलाए ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे स्वजन के साथ एनएच 130 पर सोमवार को चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर नायब तहसीलदार जयेस कंवर एवं मणिपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्वजन ने कार चालक की पहचान कर तत्काल उसे गिरफ्तार करने और मुआवजा की मांग की। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर कैमरा लगाने, बैरिकेडिंग करके वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की भी मांग की। अधिकारियों ने इन्हें आरोपी कार चालक की पहचान कर समुचित कार्रवाई करने एवं नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Categorized in: