सरगुजा कांग्रेस ने 4 दिवसीय धरने के तहत दुकानों में किया जनसंपर्क, आमदनी घटने और टैक्स बढ़ोतरी से व्यापारी परेशान

अम्बिकापुर। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि और बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस के 4 दिवसीय धरना-प्रदर्शन के तहत जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शहर में किराना और सराफा कारोबारियों व उपभोक्ताओं से संवाद किया। कांग्रेस ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों को विफल बताते हुए लोगों को हो रही परेशानियों को उजागर किया।

2 टीमों ने किया दुकानों में संपर्क

जिला कांग्रेस ने किसान कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी के नेतृत्व में दो अलग-अलग ग्रुप बनाकर शहर में संपर्क अभियान चलाया। जिलाध्यक्ष के खराब स्वास्थ्य के चलते यह अभियान निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के मार्गदर्शन में चला।

“ग्राहक कर रहे खरीद में कटौती”- किराना कारोबारी

किसान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रमुख किराना दुकानों और मिठाई दुकानों में संपर्क किया। दुकानदारों ने बताया कि लंबे समय से उपभोक्ता खरीद में कटौती कर रहे हैं। लोग सिर्फ आधारभूत जरूरतों तक सीमित हैं, जिससे व्यापार में नुकसान बढ़ गया है। दुकानदारों का कहना था कि सरकार की नीतियां छोटे व्यवसायियों के हित में नहीं हैं। उपभोक्ताओं ने कहा कि रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन आमदनी घट रही है। इससे जीवन स्तर गिर रहा है।

“टैक्स बढ़ने से व्यापार ठप”- सराफा व्यापारी


महिला कांग्रेस के दल ने सदर रोड की सराफा दुकानों में संपर्क किया। व्यापारियों ने कहा कि सोने के उपयोग पर प्रधानमंत्री की अपील और फिर टैक्स में वृद्धि सराफा व्यापार के लिए नुकसानदेह है। अचानक हुए इस बदलाव से ग्राहक घट गए हैं। कारीगरों की छंटनी की नौबत है। दुकानों में सिर्फ शादी वाले परिवार ही दिखे, जिनका बजट सरकार के इस कदम से गड़बड़ा गया है।

“व्यवसायियों की टूट गई कमर”- शफी अहमद

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से व्यवसायियों और आम नागरिकों की कमर टूट गई है। एक ओर मोदीजी राष्ट्रवाद के नाम पर बलिदान मांग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनका रवैया चुनाव जीतने के लिए उल्टा है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में देश सरकार के साथ है, बशर्ते सरकार भी वैसा ही आचरण करे।

सोशल मीडिया पर चलेगा अभियान

4 दिवसीय कार्यक्रम के तहत कांग्रेस जनसंवाद से मिले संदेश और मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रचार करेगी। आज के आंदोलन में मो इस्लाम, संजय विश्वकर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनय शर्मा, सीमा सोनी, अनिमा केरकेट्टा, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, मदन जायसवाल, अतुल तिवारी, आलोक सिंह, जीवन यादव, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सतीश बारी, सोहन जायसवाल, निकी खान, अमित तिवारी राजा, अमित सिंह, पंकज शुक्ला, शुभम जायसवाल, दिनेश शर्मा, तृप्तराज धंजल, दिलीप धर, अली सोहेल, सपना सिन्हा, नुजहत फातिमा, अनिता सिन्हा, रश्मि सोनी, साधना कश्यप, श्रीमती मोमिन, शकीला सिद्दकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

Categorized in: