पानी मांगने के बहाने पहुंचा और मुंंह दबाकर घर के पीछे ले गया था आरोपी

अंबिकापुर। नाबालिक से छेड़छाड़ व दुष्कर्म की कोशिश के मामले में बतौली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पानी मांगने के बहाने किशोरी को हवस का शिकार बनाने की कोशिश कर रहा था। कुछ लोगों के आने पर वह नाबालिक को छोड़कर फरार हो गया था।

नाबालिक के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 04 अप्रैल को रात करीब 08 बजे उनकी पुत्री घर के सामने बर्तन धो रही थी। इसी दौरान बतौली निवासी अभय गुप्ता उर्फ पण्डारी आया और पीने का पानी मांगा। इसके बाद बलपूर्वक मुंह बंद करके खींचते हुए उसे घर के पीछे दुष्कर्म करने की नीयत से ले गया। आरोपी के चंगुल से छूटने के प्रयास में लगी किशोरी मुंह खुलते ही चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे और आरोपी अभय गुप्ता 22 वर्ष वहां से भाग गया। पुलिस ने मामले में धारा 354 भादंसं एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 8 का केस पंजीबद्ध किया था। पुलिस आरोपी के तलाश में घर तक दबिश दी लेकिन स्थान बदल देने के कारण वह गिरफ्त में नहीं आ रहा था। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांधीनगर अंबिकापुर में है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी करके आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना बतौली से प्रधान आरक्षक छत्रपाल, आरक्षक राजेश खलखो, रामदेव सिंह, सुल्तान अहमद, ओमप्रकाश गुप्ता, सुनील, अशोक, महिला आरक्षक मेरी क्लारेट, सैनिक जसमन राम सक्रिय रहे।

Categorized in: