न्यायालय के आदेश पर जारी प्रोडक्शन वारंट में सरगुजा लेकर आई पुलिस
एक आरोपी को पूर्व में पुलिस ने नबादा बिहार से किया था गिरफ्तार

अंबिकापुर। एटीएम बदलकर पीओएस मशीन के माध्यम से 1.14 लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामले में फरार आरोपी को समस्तीपुर, बिहार के जिला जेल से न्यायालय के आदेश पर जारी प्रोडक्शन वारण्ट पर सरगुजा जिला के उदयपुर थाना की पुलिस ली है। एक आरोपी को पूर्व में नवादा बिहार से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने एटीएम में रुपये निकालने के लिए गए युवक का एटीएम कार्ड मदद के बहाने बदल दिया था और पीओएस मशीन के माध्यम से राशि आहरण कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय के अभिरक्षा में भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो व नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह ने ठगी की घटना का पर्दाफास करते हुए बताया कि 22 मार्च 2022 को रामलखन सिंह पिता स्व. जीत सिंह 35 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दो मार्च 2022 को उसका भाई माया सिंह एटीएम कार्ड लेकर पैसा निकालने उदयपुर में एसबीआई एटीएम गया था। इस दौरान वहां पर दो अज्ञात लोग पहले से मौजूद थे, जो युवक की गतिविधि पर नजर रखते हुए पासवर्ड देख लिए थे। एटीएम से रुपये नहीं निकलने पर दोनों युवक मदद करने के बहाने उससे एटीएम कार्ड ले लिए और रुपये निकालने के बहाने एटीएम कार्ड का उपयोग करते दूसरा एटीएम कार्ड थमाकर फरार हो गए थे। इसके बाद आरोपियों ने बैंक खाताधारक के एटीएम से एक लाख 14 हजार 800 रुपये निकाल लिया था। इसकी जानकारी उदयपुर थाना पुलिस को दी गई थी, जिस पर केस पंजीबद्ध कर पुलिस टीम विवेचना में ली थी। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सायबर सेल के माध्यम से तकनीकी जानकारी लेकर हर संभावित ठिकानों में दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस से बचने के लिए बार-बार जगह बदल रहे थे, वहीं उपयोग में लाए जाने वाले मोबाइल नंबर को भी बंद कर देते थे, जिससे इनकी गिरफ्तारी में विलंब हो रहा था। आरोपियों ने एटीएम कार्ड बदलकर अपने ही खाते में पीओएस मशीन के माध्यम से रुपये का स्थानांतरण किया है। इसके बाद पुलिस आरोपी अभिषेक कुमार उर्फ राहुल उर्फ अमित कुमार पिता रविशंकर प्रसाद उर्फ सुरेन्द्र प्रसाद यादव 24 वर्ष, निवासी पटेलनगर नवादा बिहार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दी थी। पूछताछ में पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी ने बताया था कि वह अपने साथी दीपक कुमार यादव पिता सरण यादव निवासी बरतपुरा नवादा, थाना मुफस्सिल, बिहार के साथ घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने जिस पीओएस मशीन के माध्यम से रकम आहरण हुआ था, वह दीपक के पास होने की जानकारी दी थी। जांच में सामने आया कि दूसरा आरोपी दीपक समस्तीपुर, बिहार के जिला जेल में बंद है। उदयपुर सरगुजा की पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार यादव को विधिवत न्यायालय के आदेश पर  जारी प्रोडक्शन वारण्ट पर समस्तीपुर, बिहार के जिला जेल से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त पीओएस मशीन को बिहार जाते समय रास्ते में फेंकने और रुपये स्वयं के जमानत में खर्च कर देने की जानकारी दी। आरोपी की गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक घनश्याम यादव, शत्रुघन सिंह, आरक्षक रविन्द्र साहू, आरक्षक गंगाप्रसाद, सैनिक चंदन सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: