अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस आगामी आम चुनाव को देखते हुए सरगुजा-सूरजपुर जिला सीमा पर जांच के दौरान एक स्कूटी सवार युवक से देशी कट्टा व तीन कारतूस बरामद कर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज की है। आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने पूर्व में भी आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में केस दर्ज किया गया है।

मामले का पर्दाफास करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो व नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह ने बताया कि बीते 27 मार्च को दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक कालीघाट मनेन्द्रगढ़ रोड़ में सरगुजा सरहद पर लोकसभा निर्वाचन 2024 को ध्यान में रखते हुए नाकाबंदी करके संदेहियों की जांच करने में पुलिस लगी थी, इसी दौरान चेकिंग प्वाइंट में तैनात गांधीनगर थाना के सहायक उपनिरीक्षक विनय सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि गांधी चौक, ऑटो स्टैण्ड के पास संजीत पाल नामक व्यक्ति नीले रंग की स्कूटी क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 5468 में कट्टा लहराते लोगों को भयभीत कर मनेन्द्रगढ़ रोड की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने संदेही स्कूटी सवार को घेराबंदी करके पकड़ा। पूछताछ में स्कूटी सवार ने अपना नाम संजीत पाल पिता बैजनाथ राम 38 वर्ष, निवासी सकालो व वसुन्धरा विहार गोधनपुर बताया। तलाशी में उसके पास लोहे का देशी कट्टा मिला, जिसमें एक जिन्दा कारतूस लोड था। आरोपी कट्टा को कमर में खोंसकर रखा था। आरोपी के पैंट के जेब में पुलिस को दो नग जिन्दा कारतूस भी मिला। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके थाना लाई और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दी है। आरोपी की धरपकड़ एवं गिरफ्तारी में थाना गांधीनगर के आरक्षक हरिनाम सिंह, रामचन्द्र सिंह, रूपेश प्रजापति की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

झारखंड के व्यक्ति से खरीदा था देशी कट्टा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि आरोपी संजीत पाल के विरूद्ध पूर्व में थाना गांधीनगर में कई आपराधिक रिकार्ड दर्ज हैं। वर्ष 2019 में 25 आर्म्स एक्ट का प्रकरण आरोपी के विरूद्ध दर्ज हुआ था। वर्ष 2020 व 2021 में गाली-गलौज कर मारपीट करने का अलग-अलग प्रकरण आरोपी के विरूद्ध दर्ज है। वर्ष 2021 में आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी पुलिस की थी। आरोपी संजीत पाल पूर्व में वेन चलाता था, बाद में वह ऑटो चलाने लगा। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह झारखंड के संजय राणा से कट्टा को 10 हजार रुपये में स्वयं का दबदबा बनाए रखने के लिए खरीदा था। आरोपी जिस व्यक्ति से कट्टा खरीदा था वह टाइल्स लगाने का काम करता है। अंबिकापुर आने के दौरान संजय राणा से उसका परिचय हुआ था। पूर्व में भी आरोपी के विरूद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है, लेकिन उसके हरकत में तब्दीली नहीं आई। पुलिस टीम ने आरोपी से कट्टा, जिंदा कारतूस के अलावा स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

Categorized in: