पत्नी से कर रहा था विवाद, समझाने पहुंचे मां व पिता से किया था मारपीट

अंबिकापुर। मां के हत्यारे गोदपुत्र को सीतापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का पत्नी से चरित्र शंका को लेकर विवाद हो रहा था। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मां व पिता पर गोदपुत्र ने डंडे से हमला कर दिया था, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई थी। इलाज दौरान मां की मौत हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसके तलाश में पुलिस लगी थी।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम आरा दर्रीपारा की मृतिका मोतो बाई व उसके पति कमल के कोई संतान नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने रामप्रसाद भगत पिता रोगो 46 वर्ष, निवासी आरा, दर्रीपारा को गोद लिया था और संतान की तरह परवरिश की। वह इनके साथ ही एक घर में रहता था। बीते 15 मार्च को इनकी बहू सबिना टोप्पो 42 वर्ष, थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पति रामप्रसाद भगत हमेशा चरित्र शंका को लेकर लड़ाई-झगड़ा करते रहता है। 14 मार्च को रात करीब 10 बजे पुरानी बातों को लेकर उसका पति गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर बांस के डण्डा से मारपीट किया, जिसमें उसे चोट आई थी। आरोपी पति जान से मारने की धमकी दे रहा था, यह देखकर उसकी सास मोतो बाई व ससुर कमल भगत बीच-बचाव करने के लिए आए। इनके साथ भी वह डण्डा से मारपीट करने लगा, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। सास-ससुर से मारपीट करते देख सबिना वहां से मौका पाकर भाग गई। दूसरे दिन उसके सास-ससुर के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली। मामले में पुलिस ने थाना सीतापुर में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। इसी बीच 23 मार्च को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती घायल मोतो बाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिस पर पुलिस ने आरोपी गोदपुत्र के विरूद्ध धारा 302 जोड़कर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसके तलाश में पुलिस टीम लगी थी। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना सीतापुर से आरक्षक रूपेश महंत, संजय एक्का, धनकेश्वर यादव, पंकज देवांगन की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: