अंबिकापुर। आर्केस्ट्रा प्रोग्राम देखकर घर लौट रहे ग्रामीण पिकअप के पलटने से आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक किशोरी की मौत हो गई, अन्य घायलों का उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिला के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिली निवासी अनीता बाई पिता जगेश्वर राम नगेसिया 17 वर्ष के अलावा गालो, बैगिन, प्रभु सहित अन्य 13 नवम्बर को पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 बीटी 8598 से गंगापुर में हो रहे आर्केस्ट्रा प्रोग्राम को देखने के लिए गए थे। वापस आते समय ऊंचडीह पुलिया के पास मुख्य मार्ग में तेज रफ्तार पिकअप का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप लहराते हुए पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर हा-हाहाकार मच गया। रास्ते से जा रहे लोग व आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे। घायलों को दर्रीडीह रघुनाथपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां से रेफर करने पर इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर स्वजन पहुंचे। 14 नवम्बर की सुबह 7.45 बजे आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने अनीता बाई को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: