खाट में सोए पिता की बेरहमी से कर दिया था हत्या, अगले दिन आकर खोदा गड्ढा  

अंबिकापुर। हत्या के मामले में आरोपी पुत्र को उदयपुर थाना पुलिस ने चंद घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुत्र घटना के बाद पिता के शव को घर में बंद करके फरार हो गया था। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगा पुलिस ने जप्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक उदयपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर मुड़ापारा में दशरथ अपने छोटे पुत्र ठाकुर राम के साथ रहता था। पुत्र रामसुन्दर बीते 04 जून को पिता की खोजखबर लेने के लिए दौलतपुर मुड़ापारा आया तो घर में ताला बंद था। दो दिन बाद पुन: पुत्र रामसुन्दर पहुंचा तो घर में ताला बंद मिला, उसके छोटे भाई का भी अता-पता नहीं था। घर के अंदर से बदबू आने पर संदेह की स्थिति बनी। जब वह अपने भाइयों के साथ गांव के लोगों के समक्ष घर का ताला तोड़ा तो अंदर पिता दशरथ खाट में मृत हालत में पड़े थे और शव कंबल से ढका हुआ था। खाट के नीचे खून जमा था। इसकी जानकारी रामसुन्दर ने 06 जून को उदयपुर थाना में दी थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया था। संदेह की सुई फरार पुत्र ठाकुर राम पर घूम रही थी, जिसके तलाश में पुलिस लगी थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया था। शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दशरथ की मौत गले में धारदार हथियार से चोट पहुंचाने से होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने संदेही मृतक के छोटे पुत्र ठाकुर राम के विरुद्ध धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबद्ध किया था। पुलिस टीम ने ठाकुर राम 23 वर्ष को घेराबंदी करके हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने बार-बार किसी भी बात, काम के लिए रोकने-टोकने से नाराज होकर 04 जून की सुबह घर में रखे टांगा से पिता दशरथ की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने घर के बगल कमरे में छिपाकर रखे गए टांगा को बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक कुमारी चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक दिलीप दुबे, आरक्षक अजय शर्मा, सुरेन्द्र बारी, देवेंद्र सिंह, विजय कुमार पैकरा, विवेक सिंह शामिल रहे।

शव को छिपाने बाड़ी में खोदा था गड्ढा
आरोपी पुत्र ठाकुर राम ने बताया कि हत्या के बाद वह पिता के शव को कंबल से ढंककर कमरे में ताला लगाकर घर से निकल गया था। दूसरे दिन पुन: घर आकर शव को छिपाने के लिए मकान के पीछे बाड़ी में गड्ढा खोदा था लेकिन मृत पिता के शव को वहां तक उठाकर गड्ढे तक नहीं ले जा पाया और पुन: मकान में ताला लगाकर मौके से फरार हो गया था।

Categorized in: