दो घंटे मशक्कत के बाद निकली इनोवा वाहन, तो सामने आया जनता का दर्द

भड़के भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री तो शुरू हुआ सड़क मरम्मत का काम

अंबिकापुर। सरगुजा में खस्ताहाल नेशनल हाईवे 43 को लेकर भाजपा में ही हड़कंप मच गया है। बीती शाम भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की इनोवा कार हाईवे के गड्ढे में फंस गई। गाड़ी को निकालने में करीब 2 घंटे लग गए। अंबिकापुर पहुंचते ही पवन साय ने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और एनएच के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद आनन-फानन में एनएच-43 में गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पवन साय बुधवार शाम सूरजपुर और कोरिया में आयोजित भाजपा की बैठक में शामिल होकर जशपुर से अंबिकापुर लौट रहे थे। रात करीब 7 बजे सीतापुर शहर के बीच एनएच-43 पर उनकी इनोवा गाड़ी गहरे गड्ढे में घुसकर फंस गई। मैकेनिक को बुलाना पड़ा और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी बाहर निकाल पाई। इसके बाद उन्हें सीतापुर रेस्ट हाउस में उन्हें रुकना पड़ा। रात 9.30 बजे अंबिकापुर पहुंचे पवन साय को दरिमा मोड़ से भारत माता चौक तक पूरी तरह टूटी-फूटी सड़क से गुजरना पड़ा।

फोन पर प्रभारी मंत्री की ली क्लास

अंबिकापुर पहुंचते ही पवन साय ने जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को फोन लगाया और सड़क की दुर्दशा को लेकर जमकर खरी-खोटी सुनाई। सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा ‘क्या आप लोग कभी क्षेत्र में भ्रमण पर भी आते हैं? गुरुवार को सुबह पवन साय से मिलने पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को भी उन्होंने नहीं बख्शा। पवन साय ने कहा ‘अगर सब नेता ठेकेदार हैं तो श्रमदान क्यों नहीं करते?Ó

फटकार के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य  

प्रदेश संगठन महामंत्री की फटकार के बाद एनएच के अधिकारी हरकत में आए। गुरुवार से भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक गड्ढों में बोल्डर-गिट्टी डालकर भराई का काम शुरू कर दिया गया है। सीतापुर में भी गड्ढा भराई शुरू हो गई है।

कई किलोमीटर सड़क बदहाल  

एनएच-43 में खरसिया नाका से दरिमा रोड तक सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। पीजी कॉलेज से सिलफिली तक भी बड़े-बड़े गड्ढे हैं। भारत माता चौक से लुचकी और गांधी चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ तक फोरलेन निर्माण के लिए टेंडर कर दिया है, लेकिन मरम्मत अब तक नहीं हुई थी। पहले सांसद ने भी सड़क सुधारने का निर्देश दिया था, लेकिन काम नहीं हुआ। अब संगठन महामंत्री की फटकार के बाद ही प्रशासन जागा है।

Categorized in: