आईजी जनता के द्वारा किए जाने वाले फीड बैक की करेंगे मॉनीटरिंग
सरगुजा भवन में डिजिटल क्यू.आर. स्केनर कोड का किया गया अनावरण
अंबिकापुर। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने आम नागरिकों एवं पुलिस के बीच सीधा संवाद करने के लिए क्यू.आर. स्केनर कोड जारी किया है। इसके माध्यम से रेंज के पुलिसिंग के कार्यों को लेकर जनता द्वारा क्या फीड-बैक दिया जा रहा है, इसकी मॉनिटरिंग आईजी के द्वारा की गई जाएगी।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने अपने अनुभव व तकनीकी ज्ञान का उपयोग करते हुए रेंज के आम नागरिकों की सुगमता व संभाग के पुलिसिंग कार्यों का फीडबैक प्राप्त करने के लिए रेंज स्तर पर आम जनता हेतु एक डिजिटल क्यू.आर. स्केनर कोड का अनावरण पुलिस को-आर्डिनेशन सेंटर (सरगुजा भवन) में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल व जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारियों की उपस्थिति में लांच किया। वर्तमान में लगभग हर व्यक्ति के हाथों में एंड्राइड मोबाइल है, हर कार्य डिजिटल होते जा रहे हैं। शहरी तथा दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों के लोगों की सुविधाओं एवं उन्हें त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से आईजी ने आम नागरिकों के हित तथा पुलिस से सीधा जुड़ाव के लिए एक सरल व सशक्त माध्यम मोबाइल क्यू.आर. स्केनर कोड तैयार करके जारी किया है, जिससे संभाग की आम जनता अपने क्षेत्र के थाना व चौकी के पुलिसिंग कार्यों के बारे में अपना फीडबैक देने के लिए आसानी से उपयोग कर सकते हैं। जनता द्वारा पोस्ट किए गए अभिमत सुझाव का सही और सटीक जवाब देने का यह एक सरल माध्यम होगा।
आईजी दीपक कुमार झा ने बताया कि पुलिसिंग की दिशा में जारी किया गया यह क्यू.आर. स्कैनर कोड जनता के प्रति पुलिस के व्यवहार आंकलन एवं उसमें आवश्यक सुधार हेतु अहम साबित होगा। पुलिस कार्यालय, थाना व चौकियों की जवाबदेही बढ़ेगी एवं जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक गहरा होगा। यह क्यू.आर. स्कैनर कोड जिला मुख्यालय के पुलिस कार्यालय एवं थाना, चौकी तथा सार्वजनिक स्थानों पर आम नागरिकों हेतु उपलब्ध रहेगा, जिसका उपयोग संभाग की जनता किसी भी स्थान से अपने मोबाइल के माध्यम से करके व्यक्तिगत क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित सुझाव पोस्ट कर सकते हैं। आम जनता द्वारा इस क्यू.आर. स्कैनर कोड में दिए गए सुझाव की मॉनिटरिंग सीधे पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के मार्गदर्शन में निरंतर की जाएगी। इससे रेंज के आम नागरिकों के प्रति पुलिस द्वारा किए गए व्यवहारिक कार्यों का फीडबैक, सुझाव आसानी से वरिष्ठ अधिकारी के संज्ञान में आएगा। क्यू.आर.स्केनर कोड के अनावरण दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, सरगुजा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी सहित थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Categorized in: