एसपी ने समीक्षा बैठक में विवेचकों को प्रकरण अनावश्यक लंबित नहीं रखने दी हिदायत
अंबिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में बुधवार को पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर के सभाकक्ष में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों समेत समस्त थाना, चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थानावार लंबित अपराध, चालान, शिकायत, मर्ग की जानकारी थाना/चौकी प्रभारियों से प्राप्त की, साथ ही म्यूल एकाउंट, आईटी के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अभियुक्त को नोटिस तामिल कराने के पश्चात मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। विवेचकों को प्रकरण को अनावश्यक लंबित नहीं रखने की समझाइस दी गई।
बैठक के दौरान थाना/चौकी प्रभारियों को राष्ट्रीय स्वचालित फिंगर प्रिंट प्रणाली (एनएएफआईएस) में एंट्री बढ़ाने एवं गिरफ्तार शुदा व्यक्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड रखने निर्देशित किया गया। प्रभारी अपने-अपने थाना, चौकी अंतर्गत निवासरत निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश, आदतन बदमाश एवं अन्य आपराधिक किस्म के व्यक्तियों की फिंगर प्रिंट लेकर सिस्टम में अद्यतन करेंगे। इन्हें ऑनलाइन पोर्टल की महत्ता के बारे में बताया गया, साथ ही सभी ऑनलाइन पोर्टल को प्रतिदिन चेक करने, अपडेट करने एवं थाना, चौकी प्रभारियों को स्वयं पोर्टल का उपयोग करने कहा गया। इन्हें सीसीटीएनएस कार्य में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों के कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अधिक से अधिक ड्राइविंग लायसेंस निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों के मौके पर रहे प्रभावी व्यवस्था
धनतेरस एवं दीपावली पर्व को संज्ञान में लेकर शहर में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना, चौकी प्रभारियों को सभी प्रमुख चौक-चौराहों में पुलिस टीम की तैनाती रखने और शाम एवं रात में पुलिस टीम को शहर के प्रमुख मार्गों में ड्यूटी में रखने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान कोई अप्रिय घटना ना हो। इस दौरान शहर में नाकेबंदी की प्रभावी व्यवस्था बनाने के लिए भी कहा गया। त्योहारों के पहले समय पर फटाका लाइसेंस हेतु जांच प्रतिवेदन कार्यालय भेजने कहा गया। जांच प्रतिवेदन अनावश्यक लंबित नहीं रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
ईनाम देकर किया प्रोत्साहित
समीक्षा बैठक के दौरान ग्राम अपराध नोटबुक (व्हीसीएनबी) एंट्री में बेहतर कार्य करने वाले समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही मालखाना एंट्री को समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। एंट्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने निर्देशित किया गया। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुरेश भगत, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण फूल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, समस्त थाना/चौकी प्रभारी, रीडर अमित पाण्डेय एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: