अंबिकापुर। थाना कोतवाली पुलिस टीम एवं साइबर वालेंटियर द्वारा साइबर जागरूकता के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा पीढ़ी को साइबर अपराध के तरीके, अपराधों पर नियंत्रण एवं बचाव के तरीके बताकर जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को रुकें, सोचे और कार्रवाई करें जैसे स्लोगन बताकर स्वयं जागरूक रहने एवं अपने स्वजन को जागरूक करने कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा युवाओं के बीच साइबर अपराध एवं उनके रोकथाम के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, ऐसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक सम्पत पोटाई ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न रूपों ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फेक लिंक, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, एटीएम बदलकर ठगी के बारे में विस्तार से बताया। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन से पूर्व पूर्ण रूप से जांच परख व किसी प्रकार के लालच में आकर दूसरे के खातों में रकम नहीं भेजने प्रेरित किया। साइबर संबंधी किसी भी परेशानी अथवा शिकायत पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या पोर्टल पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी ऐप अभिव्यक्ति ऐप तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थान प्रमुख विशाल गुप्ता एवं मुहसिन रज़ा ने विद्यार्थियों को तकनीकी युग में सतर्कता अपनाने और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की प्रेरणा दी। इस दौरान थाना कोतवाली से आरक्षक देवेंद्र पाठक, साइबर वालंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता एवं अनमोल बारी की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर जागरूकता से जुड़ी उपयोगी जानकारियां साझा की।

Categorized in: