पत्थरबाजी, आगजनी, चक्काजाम को रोकने पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत  

अंबिकापुर। परीक्षा देकर स्कूल से निकली रघुनाथपुर की दो छात्राओं को धर्म विशेष के दो युवक, मंगलवार की दोपहर कार से अपहरण करके रांची ले गए। छात्राओं के घर नहीं पहुंचने से चिंतित स्वजन इनकी खोजबीन में जुटे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और रांची पुलिस की मदद से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से छात्राओं को बरामद कर लिया। जैसे ही यह खबर रघुनाथपुर में फैली, तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पत्थरबाजी, आगजनी जैसी स्थिति निर्मित होने लगी। एनएच-43 पर बुधवार की सुबह काफी संख्या में लोग चक्काजाम करने एकत्र हो गए। पुलिस ने इन्हें रोकने काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर जिले से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस तैनात किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून हाथ में नहीं लेने की समझाइश क्षेत्रवासियों को दी गई।

जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के रघुनाथपुर पुलिस चौकी अंतर्गत रहने वाली दो स्कूली छात्राएं मंगलवार को परीक्षा देने घर से स्कूल गई थीं। परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर करीब दो बजे स्कूल से दोनों छात्राएं निकली। इसी बीच धर्म विशेष के दो युवक कार में सवार होकर वहां पहुंचे और इन्हें बैठाकर अपने साथ ले गए। छात्राएं जब घर नहीं पहुंचीं तो स्वजनों की चिंता बढ़ गई। स्कूल तक पता तलाश करने के बाद उन्होंने इसकी रिपोर्ट चौकी में दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपियों का मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी जानकारी एकत्र करना शुरू किया तो इनके रांची में होने का पता चला। इसके बाद रांची पुलिस की मदद से पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने छात्राओं को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। रघुनाथपुर पुलिस दोनों युवकों को गिरफ्तार कर ली है। इनके विरूद्ध धारा 363 का केस दर्ज किया गया है।

दो युवकों ने दो स्कूली छात्राओं का अपहरण किया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद सायबर टीम व स्थानीय पुलिस टीम की मदद से आरोपियों को रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से छात्राओं को सकुशल बरामद कर स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव में आचार संहिता के प्रभावी होने के कारण लोगों को भीड़ लगाने से रोका गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
विजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक सरगुजा

Categorized in: