आरोपी व मृतिका का था प्रेम संबंध, गर्भवती होने पर शादी से कर दिया इन्कार

अंबिकापुर। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में गांधीनगर थाना की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्ग जांच के उपरांत सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की है। आरोपी व मृतिका के बीच था प्रेम-संबंध था। मृतिका टेस्ट में गर्भवती मिली थी। आरोपी द्वारा शादी से इंकार करने से मृतिका के द्वारा खुदकुशी जैसा कदम उठाया गया था। पुलिस ने आरोपी को वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस ने बताया बीते 28 अक्टूबर 2021 को दिलीप धर को पड़ोसी शिवनाथ दास से उसकी नतिनी, मृतिका के द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी कर लेने की जानकारी मिली थी। इसकी सूचना वह गांधीनगर थाना में दिया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग इन्टीमेशन दर्ज किया था। मर्ग जांच में शव पंचनामा की कार्रवाई के साथ पुलिस ने घटना स्थल निरीक्षण करते हुए प्रेग्नेंसी टेस्ट किट व मृतिका का मोबाइल फोन जप्त किया था। शव पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई थी। डॉक्टर से मिले पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल परीक्षण रिपोर्ट एवं गवाहों के कथन के आधार पर पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका के माता-पिता धरमजयगढ़ में रहते थे। मृतिका अपने दादा-दादी के साथ अंबिकापुर में रहकर पढ़ाई करती थी। घटना के 05 वर्ष पूर्व से मृतिका का किशननगर, सरगंवा निवासी रोहित गाइन से प्रेम-संबंध था। 11 अक्टूबर 2020 को मृतिका अपनी बहन से रोहित के साथ गोपनीय ढंग से शादी करने की बात बताई थी। आरोपी रोहित गाइन का मृतिका के घर आना-जाना था, दोनों के स्वजन भी शादी से सहमत थे। इसी दौरान 27 अक्टूबर 2021 को मृतिका प्रेग्नेंसी टेस्ट किट से परीक्षण की, जिसमें वह गर्भवती पाई गई। मृतिका ने रोहित गाइन को लगातार संपर्क कर प्रेग्नेंसी के बारे में बताया, लेकिन वह शादी करने से साफ इन्कार कर दिया और बोला कि तुम्हें जो करना है कर लो। पुलिस ने मामले में आरोपी द्वारा मृतिका से प्रेम-संबंध स्थापित करने के बाद गर्भवती होने की स्थिति में शादी से साफ इन्कार कर देना पाया, जिसके कारण वह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इसके बाद आरोपी के विरूद्ध धारा 306 भादंसं का अपराध पंजीबद्ध कर लिया। पुलिस केस दर्ज होने के बाद आरोपी रोहित गाइन 22 वर्ष को उसके निवास ग्राम सरगवां से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दी है। आरोपी के गिरफ्तारी में थाना गांधीनगर से आरक्षक अरविंद उपाध्याय, रक्षित केन्द्र से आरक्षक उपेन्द्र सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: