वाहन के फंसने से मवेशियों को बूचड़खाना ले जाने की कोशिश नाकाम, चालक भागा
अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम गिरिजापुर, दरहापीपल में मवेशियों से भरी पिकअप फंसने के बाद चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। पिकअप में सात मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था, इनमें से एक की मौत हो गई थी, शेष छह घायल अवस्था में पाए गए। सूचना पर पुलिस ने पिकअप वाहन सहित मवेशियों को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक शंकरगढ़ थाना पुलिस को 24 जून को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 01 एफडब्ल्यू 7353 ग्राम गिरिजापुर दरहापीपल के पास फंसा हुआ है, जिसमें कोई चालक नहीं है। वाहन में सात मवेशी लोड हैं। सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक रोशन लकड़ा मौके पर पहुंचे तो पता चला कि पिकअप चालक सुबह 6 बजे मवेशी लोड वाहन के सड़क मार्ग में फंसने पर छोड़कर भागा है। गांव के बुधना राम पिता सुखम राम जाति कंवर 48 साल ग्राम चिरई थाना शंकरगढ़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के विरूद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। ग्रामीण ने लिखित शिकायत में बताया है कि पिकअप वाहन का चालक क्रूरतापूर्वक तरीके से मवेशियों को पिकअप में लोड करके झारखंड बूचडखाना ले जा रहा था। पुलिस की मौजूदगी में जीवित मवेशियों को ग्रामवासियों के साथ मिलकर पिकअप के डाला से नीचे उतारकर चारा-पानी की व्यवस्था की गई। जप्त किए गए मवेशियों की कीमत लगभग 64 हजार 500 रुपये बताई जा रही है। पुलिस फरार पिकअप वाहन चालक और स्वामी के तलाश में जुट गई है।

Categorized in: