बैंक के अधिकारी प्रतिष्ठान को सील करने पहुंचे, देर शाम तक बनी रही उहापोह की स्थिति
अंबिकापुर। बैंक से लिए गए लोन का भुगतान नहीं करने पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया प्रबंधन बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस की मौजूदगी में गुदरी बाजार में स्थित एक होटल और ज्वेलरी शॉप को सील करने पहुंच गए। सीलिंग की चल रही कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी गहमागहमी की स्थिति बनी रही। दुकान सील न हो, इसकी कवायद में होटल और ज्वेलरी दुकान का संचालक लगे रहे, लेकिन बैंक प्रबंधन कार्रवाई पूरी करने के मूड में था। हालांकि देर शाम तक ज्वेलरी दुकान के खुले रहने और बैंक के अधिकारियों व पुलिस की मौजूदगी बनी रहने से सीलिंग की कार्रवाई को लेकर उहापोह की स्थिति बनी थी।
जानकारी के मुताबिक गुदरी बाजार में होटल और ज्वेलरी शॉप का संचालन करने वाले व्यवसायी ने अपने कारोबार को बढ़ावा देने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से वर्ष 2019 में करीब 3 करोड़ रुपये लोन लिया था। कोविड काल के दौरान कारोबार मंदा हो गया, अच्छे-अच्छे कारोबारियों की कमर टूटने की स्थिति बन गई थी, जिस कारण ईएमआई का भुगतान वह नहीं कर पाया। बैंक से कथित तौर पर उसे काफी राहत दी गई, लेकिन लोन का भुगतान करने में वह असमर्थ रहा। बताया जा रहा है कि कई नोटिस देने के बाद भी स्थिति यथावत रही। सेंट्रल बैंक प्रबंधन ने लगभग एक करोड़ 50 लाख रुपये देकर वन टाइम सेटलमेंट करने का व्यवसायी को मौका भी दिया था। कई नोटिस के बावजूद ज्वेलरी दुकान व होटल के संचालक संभवत: किसी कारणवश बड़ी रकम का भुगतान नहीं कर पाया था, हालांकि इसके वह हाथ-पांव मार रहा था। जब होटल और ज्वेलरी दुकान को सील करने के लिए सेंट्रल बैंक के अधिकारियों के साथ प्रशासन व पुलिस की टीम पहुंची, तो मौके पर गहमागहमी की स्थिति बन गई। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया और होटल के एक-एक कमरे को खंगालने के बाद वहां रखे सामानों को सूचीबद्ध किया जाने लगा। होटल के एक-एक कमरा को पूरी तरह से खाली कराने के साथ सीलिंग करने की प्रक्रिया शुरू की गई। किसी प्रकार के विवाद या अप्रिय स्थिति न बने, इसे देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में चल रही बड़ी कार्रवाई के कारण काफी संख्या में मौके पर लोग जमा हो गए थे। काफी उहापोह की स्थिति के बीच होटल और ज्वेलरी शॉप को सील करने की प्रक्रिया शाम तक चलते रही, लेकिन नतीजे की स्थिति समाचार लिखने तक नहीं बन पाई थी। बता दें कि शहर के गुदरी बाजार में 6 डिसमिल जमीन में हरिओम ज्वेलर्स के संचालक द्वारा बैंक से लोन लेकर होटल का निर्माण करवाया गया है, लेकिन लोन अदायगी वह समय पर नहीं कर पाया। बैंक प्रबंधन से इस संबंध में विस्तृत जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी जिम्मेदार अधिकारी से संपर्क नहीं हो पाया।

Categorized in: