छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने संभागीय संयुक्त संचालक का ध्यानाकर्षण कराया

अंबिकापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा के प्रभारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल कुमार कुशवाहा पर छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ सरगुजा ने चिकित्सकीय सेवाओं से दूरी बनाकर रखने और अपना कार्यालय दरिमा की जगह फुंदुरडिहारी, अंबिकापुर में संचालित करने का आरोप लगाया है। संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवायें के नाम 8 जुलाई को प्रेषित किये गये पत्र में संघ ने संबंधित चिकित्सक के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।

संघ के जिला अध्यक्ष धनेश प्रताप सिंह ने पत्र में उल्लेख किया है कि डॉ. कुशवाहा को वर्ष 2024 में दरीमा सीएचसी का प्रभार दिया गया था, लेकिन तब से आज तक न तो उन्होंने दरिमा में एक भी दिन ओपीडी, आईपीडी में इमरजेंसी सेवा दी और न ही कार्यालयीन कार्य किया। आरोप है कि सीएचसी दरिमा का कार्यालय फुन्डुरडिहारी, अंबिकापुर में संचालित किया जा रहा है, जो नियम विरूद्ध है। इस मामले में बीते 29 मई को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरगुजा के द्वारा पत्र जारी करके इन्हें प्रशासनिक एवं ओपीडी के दायित्वों का दरिमा में रहकर निर्वहन करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन इन्होंने इस आदेश का आज पर्यंत पालन नहीं किया है। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने संभागीय संयुक्त संचालक से जनहित और विभाग हित में तत्काल उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की उम्मीद है।

सीएमएचओ ने भी दिया था निर्देश

पत्र में जिक्र है कि सीएमएचओ सरगुजा ने कलेक्टर के निर्देश पर 29.05.2026 को पत्र जारी करके डॉ. कुशवाहा को दरिमा में कार्यालय स्थापित कर ओपीडी की सेवा शुरू करने का आदेश दिया था, साथ ही चेतावनी दी थी कि, आदेश नहीं मानने पर वेतन रोकने की कार्रवाई होगी। संघ का कहना है कि सीएमएचओ के आदेश के बाद भी डॉ. कुशवाहा ने न कार्यालय स्थानांतरित किया और न मरीजों का इलाज शुरू किया। इसे उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और तानाशाही रवैया बताया गया है।

सीएम हेल्पलाइन नंबर में भी शिकायत

सीएचसी दरिमा में चिकित्सक के नहीं मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 में भी एक शिकायतकर्ता ने की है। इसमें उल्लेख है कि, मरीज गोपाल सिंह को 7 जुलाई को स्वास्थ्य केन्द्र दरिमा में लेकर गये, यहां पर इमरजेंसी में डॉक्टर नहीं हैं। इसके कारण मरीज को समस्या हो रही है। अत: आवश्यक कार्रवाई की जाये।

सीएमएचओ कार्यालय से जारी आदेश

सीएमएचओ कार्यालय से 29.05.2026 को जारी पत्र में डॉ. राहुल कुमार कुशवाहा को संबोधित करते हुये उल्लेख किया गया है कि, आप अपने प्रशासनिक एवं कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ ओपीडी सेवायें प्रदान नहीं कर रहे हैं, जबकि चिकित्सकीय सेवाओं का सुचारू संचालन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगे डॉ. कुशवाहा को निर्देश दिया गया है कि वे प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ सीएचसी दरिमा में अपना कार्यालय एवं मुख्यालय निर्धारित करते हुये ओपीडी सेवा नियमित रूप से दें, अन्यथा वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। यह भी सुनिश्चित करने कहा गया है कि, प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन के कारण रोगियों के उपचार एवं ओपीडी व्यवस्था पर प्रतिकूृल प्रभाव न पड़े।

Categorized in: