पुलिस टीम ने 82 महिला एवं 25 पुरुष को खोजकर परिजनों को सौंपा
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस के सार्थक प्रयास से 107 परिवारों के बीच खुशियां वापस लौटी। गुम इंसानों के अपनों के बीच पाकर स्वजन गदगद हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा गुम इंसान के मामलों में गंभीरतापूर्वक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत गुम इंसान की तलाश के दौरान इनके परिजनों से संपर्क एवं तकनीकी दक्षता का उपयोग किया गया। पुलिस टीम ने अभियान के तहत 82 महिला एवं 25 पुरुष को खोजकर परिजनों को सौंपा है। थाना अंबिकापुर कोतवाली पुलिस टीम ने सर्वाधिक 21 गुम इंसानों को बरामद किया है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के दिशा-निर्देशन में गुम इंसानों की तलाश हेतु ऑपरेशन तलाश अभियान की शुरुआत एक जून से की गई है, जो माहांत तक चलेगा। अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले के अधीनस्थ थाना, चौकी प्रभारियों को ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत अधिक से अधिक संख्या में गुम इंसानों को तलाश करके परिजनों को सुपुर्द करने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में जिले की पुलिस टीम ने 01 जून से 25 जून तक की स्थिति में 107 गुम इंसानों को खोज निकाला है, जिसमें 82 महिला एवं 25 पुरुष शामिल हैं, सभी गुम इंसानों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। सरगुजा पुलिस के अभूतपूर्व प्रयास से 107 परिवारों के बीच खुशियां वापस लौटी हैं। गुमशुदा व्यक्तियों कों अपने बीच पाकर स्वजन भाव-विभोर हैं।
थानावार बरामद गुम इंसान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना अंबिकापुर कोतवाली द्वारा 21 गुम इंसान, थाना गांधीनगर द्वारा 05, थाना सीतापुर द्वारा 10, थाना लखनपुर द्वारा 17, थाना उदयपुर द्वारा 06, थाना बतौली द्वारा 08, थाना दरिमा द्वारा 12, थाना कमलेश्वरपुर द्वारा 03, थाना मणिपुर ने 16, थाना लुण्ड्रा नेे 08 व थाना धौरपुर नेे 01 गुम इंसान बरामद किया है।

Categorized in: