पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुष्पांजलि अर्पित करके दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अंबिकापुर। स्व. महाराज एमएस सिंहदेव की 24वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी व एक जनसेवक के रूप में मशहूर स्व. महाराज एमएस सिंहदेव मध्यप्रदेश शासन में मुख्य सचिव रहे। सेवानिवृत्त होने के उपरांत मध्यप्रदेश योजना आयोग के उपाध्यक्ष रहे। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सरगुजा राजपरिवार के इतिहास का गहन अध्ययन करने वाले गोविंद शर्मा ने स्व. एमएस सिंहदेव के द्वारा मध्यप्रदेश तिलहन संघ के अध्यक्ष रहते उनके द्वारा सोयाबीन उत्पादन में उठाए गए क्रांतिकारी कदम का विश्लेषण किया। इस पद पर रहते हुए जब कृषि वैज्ञानिकों ने मध्यप्रदेश की भूमि को सोयाबीन उत्पादन के उपयुक्त बताया तब उन्होंने उत्पादन के पूर्व उपज के खपत का डिजाइन तैयार किया। खपत के इसी डिजाइन को तैयार करने में प्रोटीनयुक्त सोया बड़ी, जिसे प्रचलन की भाषा में न्यूट्रिला बड़ी कहा जाता है, जन-जन तक पहुंचा।
गोविंद शर्मा ने बताया कि उत्पादन के पहले ही सोयाबीन के व्यवसायिक उपयोग का खाका स्व. एमएस सिंहदेव ने तैयार कर दिया था, जिसके कारण आज मध्यप्रदेश सोयाबीन उत्पादन में अग्रणी है। 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा एक आईएएस के तौर पर वे सदैव चुनौतियों को स्वीकार करते थे। उन्होंने बतौर कलेक्टर अपनी पहली पोस्टिंग दस्यु आतंक से ग्रस्त छतरपुर में ली थी, तब वहां चार्ली नाम के डकैत गिरोह का आतंक था। अपने कार्यकाल में स्व. एम एस सिंहदेव ने योजनाबद्ध तरीके से न केवल उस दस्यु गिरोह का सफाया किया, साथ ही अन्य छोटे-छोटे गिरोहों को समाप्त कर इस क्षेत्र को दस्यु आतंक से मुक्त किया। राजीव भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के उपरांत प्रतीक्षा बस स्टैंड पर स्व. महाराज और राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव के युगल प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। मां महामाया मंदिर में भंडारा का आयोजन किया गया। इस दौरान बालकृष्ण पाठक, जेपी श्रीवास्तव, द्वितेन्द्र मिश्रा, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, सत्येंद्र तिवारी, मो. इस्लाम, अरविंद सिंह, संजय विश्वकर्मा, सीमा सोनी, गीता प्रजापति, जेनबीब कुजूर, हेमंत तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, हरभजन भामरा, बृजेन्द्र गुप्ता, फूलसाय लकड़ा, पपिन्दर सिंह, मेराज रंगरेज, डॉ. आरडी एस चौहान, वेद प्रकाश शर्मा, अनूप मेहता, आशीष वर्मा, अशफाक अली, कलीम अंसारी, मो. बाबर, निकी खान, शुभम जायसवाल, सतीश बारी, गीता रजक, प्रीति सिंह, उर्मिला विश्वास, शकीला सिद्दीकी, शशि शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Categorized in: