दोनों जगह अधिकांश चिकित्सक व जिम्मेदार कर्मचारी नदारद मिले
अंबिकापुर। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने बुधवार, 8 अक्टूबर को बलरामपुर जिला के सीएमएचओ कार्यालय और सूरजपुर जिले के प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमएचओ कार्यालय के कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारत मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 4 डॉक्टर, एक से 7 दिनों से बिना सूचना के नदारद थे, अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी से नदारद मिले। औचक निरीक्षण दौरान कई प्रकार की खामियां भी सामने आई। गायब कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।
संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने निरीक्षण के दौरान पाया कि अधिकांश कर्मचारी शासन द्वारा निर्धारित समय, सुबह 10 बजे तक अपने कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं हुए थे। सीएमएचओ कार्यालय से आरएसवीबाई कर्मी दिवेश श्रीवास्तव, एमएस परमार, स्टोर कीपर अरविंद पटवा, भैयालाल, लिपिक अवरेश टोप्पो, पुरषोत्तम देव पैकरा, प्रतिभा लकड़ा, रविकांत गुप्ता, प्रमाडे मिंज, ग्रेजोरी कुजूर ड्यूटी से गायब मिले। वहीं चतुर्थ वर्ग कर्मी मिथलेश कुजूर, सुनील सिंह सेंगर, देवप्रिया सिंह, अभिषेक बखला, जोखू सिंह, रामकुमार, आशीष गुप्ता, राजू विश्वास ड्यूटी से नदारद थे। दोनों स्टोर कीपर चार दिनों से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। सभी कर्मियों को नोटिस जारी किया गया है। आगामी निरीक्षणों में किसी अधिकारी या कर्मचारी के कार्य से अनुपस्थित पाए जाने पर उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य सेवाएं जनता की पहली जरूरत हैं। अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करें। डॉ. शुक्ला ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बलरामपुर और सूरजपुर को भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र की बदहाली सामने आई, चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य नदारद
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर स्वास्थ्य केंद्र में जांच दौरान संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गुप्ता 3 दिनों से, डॉ. मिनेष दुबे 5 दिनों से, डॉ. विकास सिंह 7 दिनों से ड्यूटी से बिना पूर्व सूचना दिए गायब मिले। मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिवाली सिंह भी ड्यूटी से गायब मिलीं। अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्स सुनीता श्रेष्ठ, अनिता बखला, सचिन पैकरा, ज्योत्सना सांडिल्य, विनोद रवि, सुशीला सिंह, प्रतिमा एक्का, फार्मासिस्ट सचिन पैकरा, एएनएम कुमारी जैैसला, मीना, साधना पैकरा सहित स्वीपर और अन्य कर्मी बिना सूचना अनुपस्थित थे। सभी को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने चेताया है कि बिना पूर्व सूचना के नदारद कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल परिसर में निजी दवा दुकान
संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने प्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाया। इसके अलावा दवाइयों का अस्त-व्यस्त रख-रखाव और मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपायरी डेट के दवाइयां बेतरतीब तरीके से रखी मिलीं। ड्रेसिंग रूम, वॉशरूम और टॉयलेट अस्वच्छ स्थिति में मिले। मरीजों के वार्ड में भी गड़बड़ी मिली, महिला वार्ड में पुरुष मरीज और पुरुष वार्ड में महिला मरीज भर्ती मिले। अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने मौजूद कर्मचारियों को फटकार लगाई। वहीं स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में संचालित निजी दवा दुकान को बाहर शिफ्ट करने का निर्देश दिया।

Categorized in: