राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई

अंबिकापुर। राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने कबाड़ गोदाम में रखे संदेहास्पद सामानों की जांच पश्चात 200 किलो लोहे का कबाड़ एवं बैटरी 17 नग जप्त किया है। कबाड़ गोदाम संचालक को संदेहास्पद सामानों के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस दिया गया है। कबाड़ गोदाम संचालकों को अनैतिक गतिविधियां संचालित करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक संयुक्त पुलिस टीम ने बंगाली चैक रिंग रोड में स्थित संतोष जायसवाल कबाड़ दुकान, दरिमा रोड कंठी स्थित फिरोज इदरिशी के कबाड़ गोदाम, नमनाकला स्थित अनिल कुमार गुप्ता के कबाड़ गोदामों की सघन जांच कर कबाड़ गोदामों में रखे सामानों का मिलान किया। संदेहास्पद पाए गए सामानों के संबंध में बंगाली चैक स्थित कबाड़ गोदाम के संचालक संतोष जायसवाल एवं नमनाकला स्थित कबाड़ दुकान के संचालक अनिल कुमार गुप्ता से पूछताछ करने पर इनके पास संदेहास्पद सामान, कबाड़ का वैधानिक दस्तावेज नहीं मिला। इन्हें कबाड़ को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया है। वर्तमान में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर धारा 102 सीआरपीसी के तहत 200 किलो लोहे का कबाड़ एवं 17 नग बैटरी जप्त किया गया है, इसकी कीमत 35 हजार रुपये है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली मनीष सिंह परिहार, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक अश्वनी सिंह, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, प्रधान आरक्षक विजय रवि, संतोष कश्यप, आरक्षक चंचलेश सोनवानी, ऋषभ सिंह, पवन यादव, पंकज लकड़ा, दीपक दास शामिल रहे।

Categorized in: