3 गुना रकम लौटाने का सपना दिखाया,अब पैसा मांगने पर मिल रही धमकी
सूरजपुर। जिले के ग्राम सपकरा के दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी वापस पाने की उम्मीद में अब कोतवाली पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने स्वयं को विभिन्न निवेश कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच दिया और उनकी मेहनत की कमाई निवेश करवा दी। लेकिन 16 से 17 वर्ष बीत जाने के बाद भी निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं मिल सकी है।
आवेदन के अनुसार, ग्रामीणों को यह विश्वास दिलाया गया था कि जमा की गई राशि कुछ वर्षों में तीन गुना होकर वापस मिलेगी। गांव के लोगों ने भरोसा कर अपनी बचत, खेती किसानी की कमाई और भविष्य के लिए जोड़े गए पैसे निवेश कर दिए। आज वही लोग अपने ही पैसे के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पीड़ितों का कहना है कि कई बार पैसा वापस मांगने पर केवल आश्वासन मिलता रहा। आरोप है कि कुछ लोगों को तो यह कहकर भरोसा दिलाया गया कि जरूरत पड़ने पर जमीन बेचकर भी उनकी रकम लौटा दी जाएगी, लेकिन वर्षों बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि कई ग्रामीण आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं।ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपे आवेदन में कुल 17 लाख 36 हजार 125 रुपये की राशि फंसी होने का दावा किया है। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी रकम लौटाने के बजाय संबंधित व्यक्ति ने इसी धन से जमीन खरीदी है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पैसा मांगने पर टालमटोल और कथित रूप से धमकियां दी जाती हैं।गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और मजदूर परिवारों की यह पीड़ा अब न्याय की गुहार बन चुकी है। जिन पैसों को उन्होंने अपने बच्चों के भविष्य, बेटियों की शादी और बुढ़ापे के सहारे के रूप में जोड़ा था, वही रकम आज उनकी सबसे बड़ी चिंता बन गई है।पीड़ित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे इन ग्रामीणों को आखिर कब राहत मिलती है।

Categorized in: