एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजी पुलिस

भटगांव। किसी और की जमीन को अपना दर्शाने के लिए दो व्यक्तियों ने ऋणपुस्तिका में अपना फोटो चस्पा कर दिया। क्रेता को जमीन भी दिखाया और सौदा कर 13 लाख 20 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसकी जानकारी मिलने पर क्रेता पक्ष ग्राम सेंधोपारा भटगांव निवासी केशव प्रसाद ने रिपोर्ट भटगांव थाना में दर्ज कराया है। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामले को लाकर आरोपितों के विरूद्ध धारा 420, 34 भादंसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया था और आरोपितों के तलाश में लगी थी। पुलिस ने धोखाधड़ी में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

केशव प्रसाद ने पुलिस को जानकारी दी थी कि 27 जून 2023 को शाहबुद्दीन निवासी मरहट्टा प्रतापपुर व एक अन्य व्यक्ति ने 28 सितंबर 2022 से 03 अप्रैल 23 के बीच दूसरे के जमीन की ऋण पुस्तिका में अपना-अपना फोटो चस्पा करके ग्राम सत्यनगर में जमीन दिखाया था और जमीन चार एकड़ होना बताकर तीन लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से सौदा तय किया। सौदा के बाद इन्होंने अलग-अलग तिथियों में नगदी तथा जमीन संबंधी दस्तावेज तैयार करवाने के नाम पर कुल 13 लाख 20 हजार रुपये प्राप्त कर लिए। बाद में उन्हें छल का पता चला। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर आई कल्याण एलिसेला ने पुराने लंबित मामले में फरार आरोपियों की पतासाजी कर इन्हें जल्द पकड़ने के निर्देश थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। भटगांव पुलिस मामले की विवेचना के दौरान प्रार्थी के बैंक खाता की जानकारी हासिल की और मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी शाहबुद्दीन पिता रज्जाक 58 वर्ष निवासी ग्राम मरहट्टा, थाना प्रतापपुर को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बंटवारे की रकम को खर्च कर देना बताया। कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव राजेन्द्र साहू, एसआइ अश्वनी पांडेय, एएसआइ लालचंद कुजूर, प्रधान आरक्षक पूरनचंद राजवाड़े, मनोज जायसवाल, विनोद प्रताप सिंह, संतोष जायसवाल व वाहिद हुसैन सक्रिय रहे।

Categorized in: