ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत चल रही कार्रवाई के बीच आरोपी जेल दाखिल

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा ऑपरेशन क्लीन के तहत नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई करने में लगी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ब्रह्मपारा में नशीला इंजेक्शन सप्लाई करने वाले कुख्यात सप्लायर राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करके सोमवार को जेल दाखिल कर दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी Óरंजीत गुप्ताÓ ने बताया कि 12 जुलाई को ब्रह्मपारा निवासी आशा पांडेय से 19 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 9 नग एविल इंजेक्शन जब्त करके उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ में आशा पांडेय ने बताया कि उसने नशीला इंजेक्शन मोहल्ले में पड़ोस में रहने वाले राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन से खरीदा था। आशा के बयान के आधार पर आबकारी टीम ने उसी दिन शाम को ब्रम्हपारा निवासी राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद 13 जुलाई को बुटन को भी न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया है।

ब्राउन शुगर के बाद बेचने लगी इंजेक्शन

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पहले ब्रह्मपारा ब्राउन शुगर के लिए कुख्यात था। अब वहां के नशा तस्कर ब्राउन शुगर की जगह नशीला इंजेक्शन बेचने में लगे हैं। इस पूरे नेटवर्क में आशा पांडे फुटकर विक्रेता थी, जबकि राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन थोक सप्लायर था। दोनों पिछले 1-2 साल से नशीले इंजेक्शन का अवैध कारोबार कर रहे थे। बुटन अत्यंत चालाकी से काम करता था इसलिए अब तक पकड़ में नहीं आ रहा था, लेकिन आशा की गिरफ्तारी के बाद उसका भी पर्दाफाश हो गया।

जीरो टॉलरेंस नीति से कारोबारियों में हडंकम्प

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने कहा कि नशीली दवाओं और नशे के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति लगातार जारी रहेगी। लगातार चल रही इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी एवं महिला सैनिक राजकुमारी व चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Categorized in: