अंबिकापुर। राममंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी, मंदिर निर्माण में आर्थिक अनियमितताओं को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से श्री राम मंदिर तक आक्रोश रैली निकाल विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद केन्द्र की मोदी सरकार के द्वारा नामित ट्रस्ट के द्वारा अयोध्या स्थित श्री रामलला के मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। इस ट्रस्ट में मौजूद सभी लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिन्दु परिषद के पृष्ठभूमि से हैं। इस मंदिर के निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण से लेकर निर्माण में कमीशन और अब चढ़ावा के सैकड़ों करोड़ रुपये की चोरी के आरोप इस ट्रस्ट पर लगे हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार के द्वारा गठित एसआईटी ने मंदिर में चढावा चोरी की पुष्टि भी की है।

इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि यह लोगों की आस्था पर अक्ष्म्य कुठाराघात है। प्रबंधन संतों और गुरुजनों को एवं ऐसे स्वतंत्र लोगों को दे देना चाहिये। प्रबंधन में संघ का कब्जा स्वीकार नहीं है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के चंदा चोरों को भगवान सद्बुद्धि दे। उन्होंने कहा कि एसआईटी को यह भी जांच करना चाहिये कि संघ का जो सेवन स्टार कार्यालय बना है, उसमें लगी डेढ़ सौ करोड़ की राशि कहीं चंदा चोरी से तो अर्जित नहीं की गई है। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा-संगठन और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, बूथ लेबल कार्यकर्ता शामिल हुए।

Categorized in: