घबराते पड़ोसी के यहां पहुंचा और बताया हाथ-पैर बांधकर घर में घुसे अनजान लोग

पुलिस टीम ने विधि से संघर्षरत बालक सहित 4 को गिरफ्तार करके नकदी बरामद किया

अंबिकापुर। थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल पुलिस टीम ने चंद घंटे के भीतर बड़ी चोरी का पर्दाफास करते हुये विधि से संघर्षरत बालकों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किये गये 5 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल को पुलिस ने बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सुभाष अग्रवाल निवासी जवाहर मार्केट कॉलोनी, बनारस चौक ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, 11 जुलाई को वे अपने दोस्तों और परिवार के साथ सतरंगा कोरबा गये थे, और घर में काम करने वाले ईश्वर यादव को घर में सोने के लिये छोड़ा था। रात में सभी सतरंगा में रूक गये। इसी रात करीब 3.30 बजे पड़ोसी ने फोन करके बताया कि उनके घर में काम करने वाला युवक ईश्वर यादव उनके घर में सो रहा था, जो बहुत घबराया हुआ है और बता रहा है कि रात में कोई व्यक्ति घर में घुसकर कपड़े से उसका हाथ-पैर बांध दिया था। वह किसी तरह अपने हाथ-पैर को खोलकर घटना की जानकारी देने के लिये आया है। इससे अवगत होने के बाद पड़ोसी सुभाष अग्रवाल के यहां गया तो घर का पूरा लाइट और इन्वर्टर बंद था। लाइट जलाकर देखने पर पता चला कि घर के अंदर लगे दरवाजे का कुंडी टूटा है, और अलमारी खुला था। इसकी जानकारी मिलने पर सुभाष अग्रवाल वापस अंबिकापुर आये तो पता चला कि अलमारी के अंदर तिजोरी में रखा 5 लाख रुपये और शादी के समय के जेवरात गायब हंै।

जेवरों को अन्यत्र रख दी थी पत्नी

मामले को डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने संज्ञान में लिया और गांधीनगर थाना पुलिस और साइबर पुलिस की टीम को निर्देश दिये थे। विवेचना में सामने आया कि, तिजोरी में रखे सोने के जेवरों को उनकी पत्नी अन्यत्र स्थान पर रख दी थी। ऐसे में चोरों ने सिर्फ नकद रकम पर हाथ साफ किया था। इसके बाद पुलिस के लिये नकद रकम बरामद करना चुनौती था, लेकिन पुलिस की निगाह उस कर्मचारी पर टिकी थी, जो चोरी की वारदात के दौरान घर की रखवाली कर रहा था।

सुनियोजित तरीके से की वारदात

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुये घर में काम करने वाले ईश्वर यादव पिता उग्रसेन यादव 32 वर्ष निवासी कोना, थाना बगीचा जिला जशपुर और ड्राइवर संदीप कुमार साहू पिता राज कुमार साहू 21 वर्ष निवासी महुआपारा थाना सूरजपुर, हाल मुकाम फुंदुरडिहारी से पूछताछ की तो सामने आया कि, दोनों ने अपने साथी अनुराग दास पिता तिलक दास 19 वर्ष निवासी कुंवरपुर थाना लखनपुर एवं एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।

पड़ोसी को दी मनगढ़त जानकारी  

ईश्वर यादव ने अज्ञात लोगों के द्वारा हाथ-पैर बांधकर चोरी करने की पड़ोसी को दी गई जानकारी को मनगढ़ंत होना बताया। पूर्व में पकड़ में आये घर में काम करने वाले कर्मचारी और चालक से पूछताछ के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को कब्जे में लिया और इनके कब्जे से 05 लाख रुपये नकद एवं घटना के दौरान प्रयुक्त होण्डा साइन मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 ईबी 0739 को जब्त कर लिया है।

कार्रवाई में ये रहे सक्रिय

कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, आरक्षक विकास मिश्रा, मनीष सिंह, सुल्तान अहमद, विकास सिंह, राहुल सिंह, राहुल गुप्ता, रमन मण्डल सक्रिय रहे।

Categorized in: