कलेक्टर से शिकायत, अवैध कब्जा और प्लाटिंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग

अंबिकापुर। सरगुजा जिला मुख्यालय से लगे ग्राम लालमाटी क्षेत्र में भू-माफिया और जमीन दलाल ग्रामीणों के जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त में लगे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। हालात ऐसे हैं कि गांव के पहाड़ी कोरवा परिवारों के विस्थापन की नौबत बन रही है।

मंगलवार को कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचे लालमाटी के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में पिछले कुछ समय से लगातार जमीन दलालों की सक्रियता बढ़ गई है। गांव के ठाकुर कोरवा का आरोप है कि उसके द्वारा कुछ समय पूर्व चेन्द्रा के अलबित लकड़ा को अपनी 8 एकड़ भूमि में से 2 एकड़ भूमि बेचने का सौदा 10 लाख में किया था, जमीन बेचने के बाद वह 2 एकड़ से कब्जा भी छोड़ दिया था। इसके बाद, कुछ समय पहले गांव के पटवारी ने उसके जमीन का नाप-जोख किया, पूछताछ करने पर पता चला कि, पूरे 8 एकड़ का पंजीयन अलबीस लकड़ा द्वारा करा लिया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि, दूसरे लोगों की जमीन को फर्जी तरीके से अन्य लोगों के नाम पर रजिस्ट्री कराया जा रहा है। गांव में दलालों का दबदबा इतना बढ़ गया है कि लोग खुलकर सामने आने से डर रहे हैं। इलाके में जमीन का कारोबार तेजी से बढ़ा है और भू माफियाओं की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि जंगल क्षेत्र के मुनारे उखाड़कर अवैध कब्जा और प्लाटिंग की जा रही है। जय प्रकाश कोरवा का घर तोड़कर अन्य व्यक्ति के द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो गांव में रहने वाले ऐसे 93 पहाड़ी कोरवा परिवारों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा, जिन्हें शासन की ओर से पट्टे की भूमि मिली थी। माफियाओं के द्वारा कई परिवारों को घर तोड़ने और डराने-धमकाने का भी आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों ने अवैध जमीन के कारोबार, कब्जा, प्लाटिंग पर पूरी तरह से रोक लगाने की मांग की है।

Categorized in: