अंबिकापुर। किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित की गिरफ्तारी हेतु डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने 5 हजार रुपये ईनाम की उद्घोषणा की है। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।

बता दें कि कोतवाली थाना पुलिस ने रोजाना की तरह खाना बनाने के लिए गई किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में ग्राम भफौली निवासी तरूण जायसवाल के विरूद्ध अपराध क्रमांक-504/2026, धारा-65 (1) बी.एन.एस. के अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 का केस दर्ज किया है। आरोपित दुष्कर्म की घटना के बाद ग्रामीणों के आक्रोश और पीड़ित परिवार के साथ थाना जाने की जानकारी मिलने के बाद फरार हो गया, जिसकी पतासाजी/गिरफ्तारी का हरसंभव प्रयास किया गया किन्तु अभी तक उसके बारे में पता नहीं चला है।

प्रकरण की गंभीरता को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल द्वारा पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए में निहित दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए घोषणा की है, जो कोई प्रकरण के उक्त फरार आरोपित के संबंध में ऐसी कोई जानकारी देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी हो सके या गिरफ्तार कराएगा अथवा गिरफ्तार करेगा, उसे पांच हजार रुपये ईनाम की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक सरगुजा का होगा।

सूचना प्रदान करने जारी किया नंबर

आरोपित के संबंध में सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सरगुजा को 94791-93501, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को 94791-93502, नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर को 94791-93503 में या फिर पुलिस नियंत्रण कक्ष सरगुजा में 94791-93599 पर दी जा सकती है।

Categorized in: