मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका द्वारा दूषित जल प्रदाय किए जाने को लेकर पार्षद कृतिका रवि जैन बैठी धरने पर

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । नगरपालिका क्षेत्र में इन दिनों नगरपालिका द्वारा दूषित गंदे और पीले पानी की सप्लाई किए जाने पर लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा है। कई वार्डों के रहवासियों ने लगातार दूषित पानी आने की शिकायत करते हुए स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका जताई है। जिसकी गंभीरता को लेकर वार्ड क्रमांक 7 की तेज तर्रार महिला कांग्रेसी पार्षद कृतिका रवि जैन ने नगरपालिका पानी टंकी के सामने धरना शुरू कर दिया है जिससे नगरपालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पार्षद कृतिका रवि जैन ने नगरपालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। धरना स्थल पर अन्य सहयोगी कांग्रेसी पार्षद भी पहुंच गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि नलों से कई दिनों से पीले और बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे पेयजल उपयोग करना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ने की भी आशंका जताई।
धरने के दौरान पार्षद कृतिका रवि जैन ने मांग की कि पानी सप्लाई व्यवस्था की तत्काल जांच कर साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाये साथ ही पाइपलाइन और फिल्टर सिस्टम की तकनीकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है।

Categorized in: