पुन: मारपीट करने पहुंचे आरोपित के भाई का पिस्टल गिरा, पुलिस ने किया जब्त
घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट से स्वजन रहे दहशत में, पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार की

अंबिकापुर/बलरामपुर। राजपुर में क्रशर संचालक ने दबंगई दिखाते हुए दूसरे क्रशर संचालक के घर में घुसकर न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि गाड़ी चढ़ाकर मारने का प्रयास भी किया। मामला डस्ट लोड कराने के बाद पैसा नहीं देने से जुड़ा है। लेनदेन का विवाद ऐसा तूल पकड़ा कि आरोपित क्रशर संचालक आपा खो बैठा। मारपीट के दौरान उसका पिस्टल वहीं गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पीड़ित क्रशर संचालक की रिपोर्ट पुलिस ने आरोपी व उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, दोस्त की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर निवासी अभय जायसवाल के द्वारा ग्राम खुमरी में क्रशर का संचालन किया जाता है। शनिवार की सुबह सात बजे क्रशर में मुंशी का काम करने वाले सच्चिदानंद सिंह ने फोन करके जानकारी दी कि क्रशर संचालक अजय अग्रवाल के ट्रैक्टर मेें डस्ट लोड हुआ है और रुपये मांगने पर गाली-गलौज की जा रही है। जब वे अजय अग्रवाल के पास फोन करके गाली-गलौज का कारण पूछना चाहे, तो वह कहा कि बाहर निकलो, तुम्हारे घर के सामने खड़ा हूं। दरवाजा खोलकर जैसे ही बाहर निकलने को हुए, आरोपित घर के अंदर घुसकर गाली देते हुए मारपीट करने लगा। यह देख घर में मौजूद भाई सतीश व स्वजन बीच-बचाव किए। अभय जायसवाल ने पुलिस को बताया है कि कुछ देर बाद अजय अग्रवाल का भाई राजेश अग्रवाल व खुटनपारा निवासी अस्मित गुप्ता बाइक से आए और उनके छोटे भाई सतीश पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किए। स्वजन की मदद से दोनों भाइयों ने जान बचाई। राजेश अग्रवाल का पिस्टल और बाइक का चाभी मारपीट के दौरान वहीं गिर गया था, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मारपीट में अभय जयसवाल व भाई सतीश जायसवाल को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 294, 323, 506, 452, 25 आर्म्स एक्ट, 34 का केस दर्ज कर आरोपित अजय अग्रवाल और राजेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। राजपुर थाना प्रभारी रमाकांत साहू ने बताया फरार अस्मित गुप्ता की तलाश जारी है।
जमीन पर कब्जा का आरोप, नोटिस जारी
क्रसर संचालकों के विवाद के बीच भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ग्राम डिगनगर में अजय अग्रवाल और राजेश अग्रवाल पर अवैध रूप से क्रशर का संचालन करने व ग्रामीणों के जमीन पर कब्जा करने की जानकारी दी गई है। एसडीएम ने इस मामले में दोनों भाइयों को नोटिस दिया है।
—————————————-

Categorized in: