भाजपा किसान मोर्चा का अंबिकापुर विधानसभा स्तरीय सम्मेलन संपन्न

अंबिकापुर/उदयपुर। भाजपा किसान मोर्चा का अंबिकापुर विधानसभा स्तरीय सम्मेलन उदयपुर (रामगढ़) में भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य तथा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर व पूर्व सांसद कमल भान सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने भूपेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस झूठे लबरा कांग्रेसी सरकार के जाने का समय आ गया है। इस सरकार के दो-दो आइएएस भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हंै, कई अफसर जेल जाने वाले हैं। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के स्वास्थ्य व पंचायत विभाग में भी उपर से नीचे तक भारी भ्रष्टाचार हुआ है। कांग्रेस की ये सरकार जाने वाली है, भाजपा की सरकार आने वाली है। प्रत्याशी कोई भी हो हमें कमल के लिए काम करना है और भाजपा का विधायक बनाना है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि 14 लाख गरीब परिवारों का प्रधानमंत्री आवास छीनने वाली इस भूपेश सरकार को उखाड़ फेकना है। आम जनता बदलाव चाहती है, बस कार्यकर्ताओं को उन्हें पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सिंहदेव पर हमला करते हुए कहा कि एक गरीब परिवार में जन्मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने आपको देश का प्रधान सेवक कहते हैं परन्तु यहां के विधायक अपने आपको आज भी महाराजा ही मानते हैं। पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने भी अंबिकापुर विधायक पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोई बड़ा राजा है तो कोई छोटा राजा है, ये सारे ठग राजा हैं। एक बार इनको हराकर सारे राजाओं से छुटकारा पाना है। कार्यक्रम को भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, विनोद हर्ष, संतोष दास, मनोज गुप्ता, मधुसुदन शुक्ला, राधेश्याम सिंह ठाकुर, अनिल सिंह, उमाशंकर उपाध्याय, राजेश अग्रवाल, राजेन्द्र जायसवाल, दिनेश साहू, रामकेश्वर राजवाड़े, अखंड विधायक सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन उदयपुर मण्डल महामंत्री प्रबोध सिंह ने तथा आभार प्रदर्शन जिला सह संवाद प्रमुख उदयपुर सह प्रभारी रुपेश दुबे ने किया। इस अवसर पर काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Categorized in: