गांधीनगर थाना क्षेत्र से कुछ फासले पर वारदात को देर रात तीन चोरों ने दिया अंजाम

गिरिजा ठाकुर

अंबिकापुर। गांधीनगर (अंबिकापुर) थाना क्षेत्र भगवानपुर में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात तीन नकाबपोशों ने जेवर दुकान में धावा बोलेकर लगभग चार लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। चोरों ने शटर का लॉक तोड़ा और आराम से लाखों का जेवरात समेटकर निकल लिए। चोरी की वारदात दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान संचालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में संदेही आरोपियों के तलाश में लगी है।

जानकारी के मुताबिक शहर के करीब ग्राम बधियाचुआं निवासी हरेराम सोनी का अंबिकापुर-बनारस मार्ग भगवानपुर में माधुरी ज्वेलर्स नामक दुकान है। सोमवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद करके वे घर चले गए थे। मंगलवार की सुबह छह बजे उनकी दुकान के बगल में चाय का दुकान लगाने वाले ने मोबाइल से उन्हें दुकान का लॉक क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी। इसकी सूचना मिलते ही वे आनन-फानन में भगवानपुर स्थित दुकान में पहुंचे। दुकान का लॉक टूटा था। शटर उठाकर अंदर देखे तो पूरा सामान बिखरा था। दुकान में रखा दो नग 2 सोने का लॉकेट, चार किलो चांदी सहित अन्य जेवरात चोर ले गए थे। दुकान संचालक की ओर से लगभग चार लाख रुपये के जेवरात चोरी होने की जानकारी दी है। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जॉन लकड़ा टीम के साथ मौके पर जांच कार्रवाई के बाद सीसीटीवी में आए फुटेज के आधार पर नकाबपोश चोरों की तलाश में लगे हैं।

टोपी और गमछे से छिपाकर रखा था चेहरा
ज्वेलरी दुकान में आधी रात बाद पहुंचेे तीनों चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को टोपी और गमछा से बांध कर रखा था। सीसीटीवी में कैद फुटेज के आधार पर बाइक सवार तीन युवक देर रात 12.20 बजे दुकान के पास आए और आसपास रेकी के बाद घटना को अंजाम दिए। रॉड से दुकान के शटर का लॉक तोड़ने के दौरान रास्ते से गुजर रही वाहनों पर इनकी नजर थी। वाहनों का आना-जाना होने के दौरान को देखकर तीनों छिप जाते थे। लगभग 38 मिनट बाद वे लॉक तोड़कर दुकान में घुसे और जेवरात समेटकर भाग निकले।

Categorized in: