पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक सहित दो को गिरफ्तार किया

अंबिकापुर। खालसा ट्रेडिंग कंपनी से चोरी के दो मामलों में विधि से संघर्षरत बालक समेत दो आरोपियों को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी की रकम रुपये से खरीदे गए एक पल्सर मोटरसाइकिल व एक मोबाइल फोन को भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया गया है।

सत्तीपारा अंबिकापुर निवासी गुरप्रीत सिंह भाटिया ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि ब्रम्ह रोड के पास पंचशील गली में उनका खालसा ट्रेडिंग कंपनी नामक दुकान है। उनके दुकान का साइड चैनल गेट का ताला तोड़कर 15 जून 2023 को अज्ञात आरोपियों ने नगद 73 हजार रुपये और 09 नवंबर 2023 को पुन: साइड चैनल गेट का ताला तोड़कर दो लाख 50 हजार रुपये चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर दोनों मामले में थाना कोतवाली में धारा 457, 380, 34 भाद.व का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस आरोपियों के तलाश में लगी थी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त की। संदेही आरोपियों को घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा और पूछताछ की तो शिवांग चौहान पिता इंद्रजीत चौहान 19 वर्ष निवासी गांधीनगर सोनी मोहल्ला ने विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर दोनों बार दुकान से नगद रकम चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इनकी निशानदेही पर दुकान से चोरी किए गए नगद रकम से खरीदे गए पल्सर मोटरसाइकिल व मोबाइल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, बस स्टैंड सहायता केंद्र प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अभिषेक पांडेय, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, संजीव चौबे, मंटू गुप्ता, राहुल सिंह शामिल रहे।

Categorized in: