बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर बीईओ कार्यालय में पहुंची टीम ने की कार्रवाई

अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर बीईओ ऑफिस में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने भृत्य से 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार  किया है। बाबू ने एरियर्स की राशि जारी करने के बदले शिक्षा विभाग में ही पदस्थ एक भृत्य से 20 हजार रुपये की मांग की थी। भृत्य को एरियर्स की रकम के बदले बड़ी रकम देना खल रहा था और वह इसकी शिकायत एसीबी अंबिकापुर से किया था। मंगलवार को भृत्य उसे पहली किश्त के रूप में 12 हजार रुपये देने पूरी तैयारी के साथ पहुंचा था, इसी दौरान एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक वाड्रफनगर में शिक्षा विभाग में कार्यरत भृत्य नितेश सिंह अपने एरियर्स की राशि निकलवाने कुछ दिन पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पहुंचा था। कार्यालय के स्थापना शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 गौतम सिंह ने उससे रुपये निकलवाने के एवज में 20 हजार रुपये खर्चा की मांग कर डाली। भृत्य ने रुपये देने में असमर्थता जाहिर करते हुए अपनी परेशानी से अवगत कराया, लेकिन वह नहीं माना। अंत में भृत्य रुपये देने के लिए तैयार हो गया और रिश्वत देते हुए रंगे हाथों पकड़वाने की योजना बनाकर इसकी शिकायत एसीबी अंबिकापुर के संभागीय दफ्तर में करने पहुंच गया। भृत्य की शिकायत पर एसीबी ने सत्यता की तस्दीक की। भृत्य के द्वारा बताई गई बातों में सच्चाई सामने आने पर एसीबी की टीम सहायक ग्रेड-2 को रंगे हाथों पकड़ने मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार वाड्रफनगर कार्यालय खुलने के समय तक पहुंच गई थी। यहां उन्होंने भृत्य नितेश को पहली किश्त के 12 हजार रुपये केमिकल लगाकर दिए। भृत्य ने रुपये जैसे ही बाबू के हाथों में पकड़ाया, वहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम सहायक ग्रेड-2 को न्यायालय में पेश करके आगे विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: