पूछताछ के बाद पुलिस अन्य आरोपियों व खरीददार के तलाश में जुटी  

अंबिकापुर। खाद-बीज दुकान से धान बीज चोरी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नगद 3200 रुपये बरामद करने के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों के तलाश में लगी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी में अनिल साहू आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसने सूरजपुर एवं श्रीनगर में भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया है।

पुलिस ने बताया नमनाकला निवासी महेश गुप्ता ने बीते 13 जून को थाना गांधीनगर में चठिरमा में स्थित अपने खाद-बीज सेअज्ञात व्यक्तियों द्वारा 02 लाख रुपये का धान बीज चोरी कर लेने की जानकारी दी थी। दुकान संचालक ने बताया था कि 12 जून को वह दुकान बंद करके अपने घर नमनाकला चले गया था। अगले दिन 13 जून को सुबह दुकान आकर देखा तो उसके दुकान के दीवाल में सेंध लगा हुआ था। दुकान के अंदर जाने पर पता चला कि 02 लाख रुपये का धान बीज गायब है। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 457, 380, 120 (बी) भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और आरोपियों व घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान कर वाहन चलाने वाले आरोपी अनिल साहू उर्फ नीलू 40 वर्ष निवासी हरकीढोढ़ी थाना रामानुजनगर जिला सूरजपुर को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी लक्ष्मण कुमार, ओमप्रकाश चौधरी उर्फ नाम एवं अर्जुन राजवाड़े एवं अन्य आरोपियों के साथ मिलकर खाद-बीज दुकान में सेंधमारी कर चोरी करना स्वीकार किया। अनिल साहू के निशानदेही पर पुलिस ने लक्ष्मण कुमार 23 वर्ष निवासी खरकापारा श्यामपारा थाना भटगांव, ओमप्रकाश चौधरी उर्फ नान लईका 24 वर्ष निवासी महेशपुर पतरापारा थाना जयनगर, अर्जुन राजवाड़े 30 वर्ष निवासी श्यामनगर खासपारा थाना भटगांव को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में धान बीज चोरी करना स्वीकार किया। इनके कब्जे से धान बीज बेचने में मिली रकम में से 3200 रुपये नगद बरामद किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। संबंधित थाना क्षेत्र पुलिस को आरोपियों के संबंध में जानकारी प्रेषित की गई है। मामले में शामिल खरीददार व आरोपियों के संबंध में अग्रिम जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह, सहायक उप निरीक्षक विनय सिंह, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक उमाशंकर साहू, अनुज जायसवाल, रमेश राजवाड़े, अतुल सिंह, बृजेश राय शामिल रहे।

Categorized in: