घटना से परिवार में शोक का माहौल

अंबिकापुर। मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में सूरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम अखोराकला के चचेरे भाइयों सहित तीन की मौत हो गई। घटना से तीन परिवारों में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक अखोराकला निवासी तिलक चेरवा पिता ललन चेरवा 15 वर्ष अपने चचेरे भाई अरमान पिता कन्हैया राम 28 वर्ष के साथ सोमवार की शाम को लगभग 5.30 बजे, घर में आए मेहमानों के लिए सब्जी लेने के लिए मोटरसाइकिल से गया था। इसी दौरान प्रतापपुर मुख्य मार्ग में कल्याणपुर, गेरवानी पुलिया के आगे अंबिकापुर की ओर से जा रहे मोटरसाइकिल सवार अजय बखला पिता सुशील बखला 35 वर्ष, निवासी केरता से आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने इसकी जानकारी डॉयल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे और घायल अजय बखला को होलीक्रॉस अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

 

बताया जा रहा है कि दोनों ही मोटरसाइकिल सवार रफ्तार में थे। इस कारण इन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। मृत अजय बखला सोमवार को सब्जी मंडी अंबिकापुर में मिर्च बेचने के लिए बाइक से आया था। यहां से मिर्च बेचने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था, इस दौरान हादसे में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे से तीन परिवारों में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

बाइकों की टक्कर में एक की मौत
एक अन्य घटना में दो बाइकों की टक्कर में एक ग्रामीण की मौत हो गई। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर का विजय केरकेट्टा पिता स्व. हरिप्रसाद केरकेट्टा 38 वर्ष, मोटरसाइकिल से सोमवार को दोपहर में दर्रीडीह चौक से रघुनाथपुर पुलिस चौकी की ओर किसी काम से जा रहा था। गुप्ता होटल के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार ने लापरवाही पूर्वक वाहन चालन करते हुए उसे ठोकर मार दिया, जिसमें विजय केरकेट्टा को गंभीर चोटें आई थी। घायल अवस्था में स्वजन उसे होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।  

Categorized in: