गांधी चौक में बस से उतरने के बाद मौत के परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
ऑटो चालकों, बस के स्टाफ व स्वजन से पूछताछ के बाद अग्रिम जांच जारी
शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार के संज्ञेय अपराध की नहीं हुई पुष्टि

 

गिरिजा ठाकुर

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मातृ एवं शिशु चिकित्सालय से प्रसव पश्चात लापता महिला का शव लावारिस हाल में गांधी स्टेडियम के प्रवेश द्वार के पास मिलने के संबंध में पुलिस ने जांच कार्रवाई की है। महिला को चिकित्सालय से गांधी स्टेडियम तक पहुंचाने वाले प्रत्येक वाहन चालकों से घटना के बारे में जानकारी पुलिस ने ली है। सीसीटीवी जांच में सामने आया है कि महिला स्वयं अलग-अलग वाहनों में बैठकर गांधी स्टेडियम के प्रवेश गेट तक पहुंची है। शव निरीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर में किसी प्रकार के बाह्य चोट का होना नहीं पाया गया है। अस्पताल के चिकित्सक ने शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामान्य मृत्यु होने का उल्लेख किया है।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम गौरा निवासी लक्ष्मी मरावी को सिकलसेल बीमारी एवं गर्भवती होने पर बेहतर ईलाज हेतु 22 नवंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। महिला के स्वजन उसे अंबिकापुर लेकर पहुंचे और मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में भर्ती कराए थे। ईलाज के दौरान उक्त महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ी और वह 24 नवंबर को समय से पूर्व नवजात शिशु को जन्म दी। प्रसव पश्चात महिला ठंड लगने की बात अपने स्वजन से कही और चिकित्सालय के बाहर धूप तापने के लिए आ गई थी। कुछ देर बाद मातृ एवं शिशु चिकित्सालय से प्रसूता लापता हो गई और कुछ घंटे बाद उसका शव गांधी स्टेडियम के प्रवेश गेट के पास मिला था। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने उक्त प्रसूता के चिकित्सालय से लापता होकर गांधी स्टेडियम के प्रवेश गेट के पास तक पहुंचने तक की तहकीकात व मौत का स्पष्ट कारण पता लगाने हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने चिकित्सालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। फुटेज जांच में उक्त महिला कुछ देर तक अस्पताल परिसर में ही बैठी दिखाई दी। कुछ देर बाद महिला चिकित्सालय के सामने से एक ऑटो में बैठकर ऑटो चालक को अपने ग्राम गौरा छोड़ने के लिए बोली। ऑटो चालक द्वारा गौरा ग्राम तक जाने से इन्कार किया तो वह बस स्टैंड तक छोड़ने के लिए कही। ऑटो चालक उक्त महिला को बस स्टैंड तक छोड़ा। शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी फुटेज का मिलान करने एवं ऑटो चालक से पूछताछ करने पर सामने आया कि उक्त महिला को सही सलामत बस स्टैंड में वह छोड़ा था। महिला बस स्टैंड से प्रतापपुर जाने वाली बस में बैठकर ग्राम गौरा जाने कही। बस स्टैंड से बस रवाना हुई, इसके पश्चात गांधी चौक के आगे सवारी लेने हेतु रुकी। यहां महिला बस से नहीं जाने की बात कहते हुए स्वयं उतर गई। बस कंडक्टर एवं बस चालक से पूछताछ में सामने आया कि उक्त महिला अकेले ही बस से उतरी थी। बस से उतरने के पश्चात उक्त महिला गांधी स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैठी थी। यहां बैठने के कुछ घंटे बाद वह अचेत हो गई। महिला के अचेत होने की सूचना पर डॉयल 112 एवं डॉयल 108 के कर्मचारियों ने उक्त महिला को जिला अस्पताल लाया। डॉक्टरों की टीम ने महिला को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

शार्ट पीएम में सामान्य प्रकृति की मौत बताया चिकित्सक ने
मृत महिला के साथ किसी प्रकार का संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने शव निरीक्षण किया। महिला के शव में किसी प्रकार का बाह्य चोट होना नहीं पाया गया है। मृत महिला के पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों की टीम ने शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामान्य प्रकृति की मौत होने का लेख किया है। महिला के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि अब तक जांच में महिला के साथ किसी प्रकार का संज्ञेय अपराध घटित होना नहीं पाया गया है। मामले में पुलिस स्वजनों से पूछताछ करते हुए अग्रिम जांच कर रही है।

Categorized in: