तीन मासूमों के साथ 6 आहत, 4 हायर सेंटर रिफर, रिंगरोड में हुआ हादसा

सूरजपुर। सड़क पर फर्राटा भर रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी, जिससे कार सवार एक युवक समेत घर के सामने अपने तीन मासूम पोतों को खिला रही महिला की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों बच्चे व कार में सवार अन्य तीन युवकों सहित छह लोग घायल हो गए है। आहतों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया गया। यहां से एक बच्चे समेत 4 आहतों की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर अंबिकापुर रिफर किया गया है। हादसा मंगलवार की रात को नगर के रिंगरोड में हुई।

जानकारी के मुताबिक अजिरमा से मारुति एक्सपेसो कार क्रमांक सीजी 29 एसी 9118 में सवार होकर अजय सिंह, बृजेन्द्र सिंह, राहुल सिंह व करन सिंह मंगलवार को देर शाम रामनगर निवासी अपने एक दोस्त के जन्मदिन का जश्न मनाने सूरजपुर आ रहे थे। इनके कार की रफ्तार काफी तीव्र थी। सूरजपुर रिंग रोड में चालक का कार से नियंत्रण हटा और अनियंत्रित कार सड़क से करीब 15 फिट दूर स्थित एक मकान में जा घुसी। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घर में घुसने के बाद कार कई पलटी खाते हुए घर के बगल में स्थित एक गड्ढे में पलट गई। हादसे में घर के सामने खाट पर बैठ कर अपने पोतों को खिला रही 42 वर्षीया रामबाई केवट पति विश्वनाथ केवट, मासूम विक्की केवट, समीर केवट व अमन केवट एवं कार में सवार अजय सिंह, बृजेन्द्र सिंह, राहुल सिंह व करन सिंह को गंभीर चोटें आई थी। इन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने महिला रामबाई केवट व कार सवार युवक 19 वर्षीय करन सिंह को मृत घोषित कर दिया। मासूम अमन केंवट व कार सवार अजय, बृजेन्द्र व राहुल की स्थिति नाजुक होने पर इन्हें अंबिकापुर रिफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार सवार युवक शराब के नशे में मदहोश थे और कार काफी तेज गति से चला रहे थे, जिस कारण उक्त हादसा हुआ। मृतिका के पुत्र समयलाल की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। हादसे से नमदगिरी गांव में मातम का माहौल है। बुधवार को गमगीन माहौल में मुक्तिधाम में मृतिका का अंतिम संस्कार किया गया।

Categorized in: